पोस्टमैन की हत्या करने वाला मुख्य आरोपी नीरज व उसका साथी अभिषेक आज पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी के जीजा को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी थी। आरोपी नीरज रेवाड़ी की शिव कॉलोनी और अभिषेक धारूहेड़ा की बेस्टैक सोसायटी का रहने वाला है।
19 अक्टूबर को कालूवास की यादव कालोनी रहने वाले गौरव जो कि अपने भाई की शादी के लिए मुंबई से छुट्टी लेकर आया था, पर किसी ने फायरिंग कर हत्या कर दी थी। गौरव मुंबई स्थित पोस्ट ऑफिस में तैनात था और कुछ दिन पहले ही भाई की शादी के लिए एक माह की छुट्टी लेकर आया था। शिव कॉलोनी के नीरज ने अपने जीजा व साथियों के साथ मिलकर गौरव की हत्या की।
पुलिस के अनुसार गौरव के पिता ने यादव नगर में भी मकान बना रखा है और इसके चलते गौरव का वहां आना-जाना लगा रहता था। इसी बीच उसकी दोस्ती यादव नगर में रहने वाले नीरज से हो गई। 6 माह पहले सट्टा खेलने को लेकर हुए विवाद में नीरज और गौरव के बीच कहासुनी हो गई। बीचबचाव करने आई नीरज की मां को गौरव ने थप्पड़ मार दिया था। उसी समय नीरज ने गौरव से रंजिश पाल ली और फिर उसकी हत्या कर दी।
नीरज को गौरव के छुट्टी पर आने की जानकारी पहले ही मिल गई थी इसलिए वह बदला लेने के लिए मौका तलाश रहा था। इस साजिश में नीरज ने अपने दो दोस्तों व जीजा रविन्द्र को भी शामिल कर लिया। 19 अक्टृूबर को गौरव जैसे ही यादव नगर से पैदल घर जाने के लिए निकला, आरोपियों ने उसे गोली मार दी। पुलिस ने एक सप्ताह पहले ही नीरज के जीजा रविन्द्र को काबू कर लिया था। इसके बाद नीरज और अभिषेक को अब काबू कर लिया गया।
