Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

भाई को राखी बांधकर लौट रही युवती के पति की हादसे में मौत

यमुनानगर। यूपी के सहारनपुर में भाई को राखी बांधकर बाइक पर लौट रही युवती के 45 वर्षीय पति की डंपर की टक्कर से मौत हो गई। वहीं युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा थाना छछरौली के अंतर्गत गांव मलिकपुर खादर में देर शाम हुआ। पुलिस ने मृतक के साले की शिकायत पर डंपर चालक पर केस दर्ज कर लिया।
पुलिस को दी शिकायत में यूपी के जिला सहारनपुर के थाना बेहट के गांव संसारपुर निवासी शेर सिंह ने बताया कि उनकी बहन कमलेश यमुनानगर शहर के चिट्टा मंदिर समीप महादेव कॉलोनी में रहती है। कमलेश रविवार को उन्हें राखी बांधने घर आई थी।

कमलेश के पति रविंद्र कुमार भी साथ थे। दोनों बाइक पर आए थे। राखी बांधने के बाद कुछ देर कमलेश व उसके पति रविंद्र यमुनानगर के लिए बाइक पर निकल गए।
देर शाम उन्हें गांव मलिकपुर खादर से बहन के मोबाइल फोन से कॉल कर किसी व्यक्ति ने बताया कि कमलेश व रविंद्र का डंपर से हादसा हो गया है। इस सूचना पर वह घटनास्थल पर पहुंचे। यहां आकर पाया कि बहनोई रविंद्र को अस्पताल में चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया है, वहीं बहन कमलेश की गंभीर हालत देख चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया गया है।
मामले के जांच अधिकारी गुरमेज ने सिंह ने बताया कि हादसे के बाद चालक डंपर छोड़कर भाग गया है। डंपर कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसका पता लगाया जा रहा है। जल्द ही उसके गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

शेर सिंह ने बताया कि कमलेश व रविंद्र के पास दो बेटियां व एक बेटा है। इनमें 24 साल की बड़ी बेटी पायल स्नातक की पढ़ाई पूरी कर चुकी है। 22 साल का बेटा हिमांशु ग्रेजुएट स्नातक तृतीय वर्ष व 18 साल की बेटी खुशी स्नातक प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रहे हैं। रविंद्र ई-रिक्शा चलाते थे। हादसे ने तीनों बच्चों के सिर से पिता का साया छीन लिया।

Exit mobile version