Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

दूल्हे के मौसेरे भाई की पीट-पीटकरबारात में छेड़छाड़ रोकने पर रंजिश, अगले दिन घर में घुसकर हमला

हरियाणा के भिवानी जिले में दूल्हे के मौसेरे भाई की हत्या के मामले में अब घटना के कुछ वीडियो सामने आए हैं, जिन्होंने पूरे मामले की गंभीरता को उजागर कर दिया है। एक वीडियो में आरोपी हाथों में लाठियां लिए नजर आ रहे हैं, जबकि घायल राकेश जमीन पर पड़ा है और एक महिला उसे संभालने की कोशिश कर रही है। आसपास मौजूद लोग हमलावरों को रोकने की कोशिश करते दिख रहे हैं, वहीं पीछे से महिलाओं के चिल्लाने की आवाजें भी सुनाई दे रही हैं। दूसरी फुटेज CCTV कैमरे की बताई जा रही है।

मृतक की पहचान उत्तराखंड के रुड़की निवासी राकेश कुमार (41) के रूप में हुई है, जो एक ट्रैवल एजेंसी में काम करता था। वह 17 अप्रैल को अपने परिवार के साथ भिवानी के बलियाली गांव में मौसेरे भाई रोहित की शादी में शामिल होने आया था।

बारात में शुरू हुआ विवाद
मृतक के बेटे रितिक के अनुसार, 21 अप्रैल को रोहित की बारात राजस्थान के सिंघाणा गई थी। वहां कुछ युवकों ने युवतियों से छेड़छाड़ की, जिसका राकेश ने विरोध किया। इस दौरान विवाद हुआ, लेकिन मौके पर ही मामला शांत करा दिया गया।

अगले दिन घर में घुसकर हमला
रितिक ने बताया कि 22 अप्रैल को जब परिवार के सदस्य गांव में पूजा के लिए गए हुए थे, उसी दौरान आरोपी युवक घर में घुस आए। उस समय राकेश अपने रिश्तेदारों दिनेश उर्फ लाला और अमन के साथ घर पर मौजूद था। आरोपियों ने लाठी-डंडों और लात-घूंसे से हमला कर दिया।

धमकी देकर फरार हुए आरोपी
हमले के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल राकेश को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, दिनेश उर्फ लाला भी घायल हुआ, जिसका इलाज जारी है।

6 नामजद आरोपियों पर केस दर्ज
बवानीखेड़ा थाना प्रभारी सुरेश कुमार के मुताबिक, रितिक के बयान पर गांव बलियाली निवासी विक्की, अमित, गौत्तम, सूरज, सुरेंद्र और साहिल समेत अन्य के खिलाफ हत्या और अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस टीम आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।

पुलिस का कहना है कि वीडियो फुटेज की भी जांच की जा रही है, जिससे आरोपियों की पहचान और घटना की पूरी कड़ी को जोड़ने में मदद मिलेगी।

Exit mobile version