Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

बाल-बाल बचे ‘द ग्रेट खली’! पानीपत में फॉर्च्यूनर का एक्सीडेंट

पानीपत। WWE के मशहूर रेसलर ‘द ग्रेट खली’ की गाड़ी हरियाणा के पानीपत में एक सड़क हादसे का शिकार हो गई। पानीपत टोल प्लाजा के पास उनकी फॉर्च्यूनर आगे चल रही इनोवा से टकरा गई। राहत की बात यह रही कि हादसे में द ग्रेट खली समेत किसी को चोट नहीं आई।

जानकारी के मुताबिक, द ग्रेट खली पंजाब से सोनीपत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पानीपत टोल प्लाजा के नजदीक उनकी फॉर्च्यूनर के आगे चल रही इनोवा कार के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। फॉर्च्यूनर के चालक ने भी तुरंत ब्रेक लगाने का प्रयास किया, लेकिन दोनों गाड़ियों के बीच हल्की टक्कर हो गई।

हादसे के बाद मौके पर जुटी भीड़
द ग्रेट खली की गाड़ी के दुर्घटनाग्रस्त होने की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। हादसे में फॉर्च्यूनर को नुकसान पहुंचने की बात सामने आई है, लेकिन वाहन में सवार सभी लोग सुरक्षित बताए गए हैं।

द ग्रेट खली की टीम के सदस्य अनिल शर्मा के मुताबिक, यह मामूली दुर्घटना थी और किसी को चोट नहीं आई है। खली पूरी तरह सुरक्षित हैं।

दूसरी गाड़ी से रवाना हुए खली
हादसे के बाद द ग्रेट खली ने दूसरी गाड़ी से आगे का सफर जारी रखा। घटना की खबर फैलने के बाद उनके प्रशंसकों में कुछ समय के लिए चिंता जरूर देखने को मिली, लेकिन खली के सुरक्षित होने की जानकारी मिलने के बाद सभी ने राहत की सांस ली।

Exit mobile version