यमुनानगर में 21 वर्षीय राजीव की हत्या के मामले में पुलिस ने उसकी गर्लफ्रेंड स्नेहा और उसके पूर्व प्रेमी अमित को गिरफ्तार किया है। जांच में खुलासा हुआ कि दोनों ने मिलकर राजीव को रास्ते से हटाने की साजिश रची थी। हत्या के बाद शव को रेलवे ट्रैक के पास जंगल में फेंक दिया गया।
शमशान घाट के पास मिला था शव
थाना सदर क्षेत्र के तीर्थ नगर टपरी स्थित शमशान घाट के पास एक अज्ञात युवक का शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। युवक के हाथ पर “S” और “राजीव” तथा छाती पर “SNEHA” गुदा हुआ था। गले पर चोट के निशान मिले। बाद में उसकी पहचान शंकरपुरी कॉलोनी, जगाधरी निवासी राजीव के रूप में हुई, जो 27 फरवरी से लापता था।
प्रेम त्रिकोण बना हत्या की वजह
पुलिस जांच में सामने आया कि राजीव का तीर्थ नगर निवासी स्नेहा (27) के साथ प्रेम संबंध था। स्नेहा का पहले से पड़ोस के युवक अमित के साथ करीब 8 साल का संबंध रहा था। स्नेहा को लेकर अमित और राजीव के बीच रंजिश चल रही थी।
सीआईए टीम की पूछताछ में दोनों ने कबूल किया कि उन्होंने मिलकर राजीव की हत्या की योजना बनाई।
ऐसे रची गई साजिश
योजना के तहत 27 फरवरी को स्नेहा राजीव को घुमाने के बहाने रणजीतपुर-आदीबद्री क्षेत्र के जंगल में ले गई। वहां पहले से मौजूद अमित से राजीव का झगड़ा हुआ। इसके बाद अमित ने स्नेहा को अपने साथी के साथ दूसरी बाइक से वापस भेज दिया और राजीव को अपने साथ ले गया।
पुलिस के अनुसार अमित ने राजीव को नशीला पदार्थ दिया और नशे की हालत में गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद उसके मुंह में चिपकने वाला पदार्थ डालकर चुन्नी ठूंस दी, ताकि वह बच न सके। बाद में शव को रेलवे ट्रैक के पास फेंक दिया गया।
बर्थडे मनाने निकला था घर से
राजीव की मां ज्योति के अनुसार वह डीजे का काम करता था। 27 फरवरी को वह हरिद्वार में जन्मदिन मनाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा।
आगे की कार्रवाई
हरियाणा पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उन्हें कोर्ट में पेश कर वारदात में इस्तेमाल बाइक, मोबाइल फोन और अन्य तकनीकी साक्ष्य जुटाने के लिए रिमांड पर लिया जाएगा।


