पानीपत (Panipat): छेड़छाड़ का विरोध करने पर 5 मनचले 15 वर्षीय किशोरी को बालों से खींचकर पीट रहे थे जिसकाविरोध करना एक युवक को महंगा पड़ गया। यह घटना बुधवार रात करीब साढ़े नौ बजे की है। किशोरी के बचाव के लिए आये युवक के सिर पर मनचलों ने लोहे की रॉड मारी और जान से मारने की धमकी देकर वहाँ से भाग गए।
किला थाना क्षेत्र निवासी 15 वर्षीय किशोरी ने पुलिस को बताया कि तहसील कैंप निवासी धोनी उसके पीछे पड़ा है। उसने बुधवार सुबह उसके साथ छेड़छाड़ की। जब रात को काम से सलारगंज गेट बाजार जा रही थी तो घर के पास से ही पांच मनचले उसका पीछा करने लगे। एक फोटोकॉपी की दुकान के बाहर पांचों उसके साथ बदतमीजी करने लगे। जिसका विरोध करने पर पांचों मनचलों ने उस पर हमला कर दिया। एक मनचले ने उसके बाल पकड़ लिए और खींचता हुआ दूर ले गया। उसको पांचों मनचले पीटने लगे। इतने में किशोरी खुद को किसी तरह छुड़ाकर एक दुकान में घुस गई। मदद मांगने पर जैन मोहल्ल निवासी संदीप कश्यप जो कि अपने दोस्त से मिलने आया था ने मनचलों का विरोध किया, जिस पर पांचों ने उस पर लोहे की रॉड से हमला बोल दिया और उसका सिर फोड़ दिया। भीड़ इकट्ठा होने पर वे जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को बुलाया।