Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में दिन चढ़ने के बाद भी नहीं छंटी धुंध:विजिबिलिटी जीरो से 10 मीटर, ट्रेनें लेट; 7 जिलों में बारिश का अलर्ट

हरियाणा में दिन चढ़ने के बाद भी धुंध नहीं छंटी है। हिसार, रोहतक, पानीपत, रेवाड़ी, करनाल, सोनीपत, झज्जर, यमुनानगर, जींद, सिरसा, भिवानी और पलवल धुंध की चपेट में हैं। करनाल, पानीपत, हिसार के बालसमंद, रोहतक के कलानौर और रेवाड़ी में तो विजिबिलिटी जीरो है। बाकी जगहों पर भी 10 से 20 मीटर तक विजिबिलिटी है।

धुंध का असर ट्रेनों पर पड़ रहा है। अजमेर-जम्मू तवी ट्रेन 11 घंटे और जम्मू तवी से अजमेर जाने वाली ट्रेन 8 घंटे देरी से रेवाड़ी रेलवे स्टेशन पर पहुंची।

बारिश की बूंदों की तरह धुंध टपक रही है। घनी धुंध के कारण सड़कों पर ड्राइवरों को गाड़ी चलाने में मुश्किल हो रही है। मौसम विभाग ने अंबाला और कुरुक्षेत्र के लिए वेरी डेंस फॉग का अलर्ट जारी किया है।

दिन में धूप खिलेगी, लेकिन मौसम वैज्ञानिकों ने आज रात से मौसम खराब होने की चेतावनी जारी की है। 10 जनवरी की रात से पूरे हरियाणा में एक नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो जाएगा, जिससे पूरे हरियाणा में बारिश के आसार बन रहे हैं।

इसे लेकर मौसम विभाग ने हरियाणा के 7 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने का यलो अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ओले भी गिर सकते हैं।

मौसम विज्ञानियों का कहना है कि बारिश होने की पूरी संभावना है। ऐसे में किसानों को सिंचाई के लिए अभी रुक जाना चाहिए। इस दौरान कोहरा और दिन में तापमान गिरने से कोल्ड डे भी रहेगा।

मौसम विभाग के मुताबिक 11 से 12 जनवरी तक दिन का तापमान गिरने से ठंड का एहसास होगा। अभी मौसम साफ होने से दिन में धूप खिलने से तापमान सामान्य बना हुआ है।

गुरुवार को सिरसा में तापमान सर्वाधिक 23.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं हिसार में तापमान 22.2 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से 3.7 डिग्री अधिक है। जबकि नारनौल में तापमान 19.8 डिग्री और महेंद्रगढ़ में 21.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

भारतीय मौसम विभाग ने 10 की रात से मौसम बदलने के बाद हरियाणा के 7 जिलों में बारिश की संभावना जताई है। इन जिलों में झज्जर, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और मेवात (नूंह) शामिल हैं। बाकी के जिलों के लिए कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है।

इस दौरान उत्तरी और पूर्वी हिस्सों में कुछ जगहों पर घना कोहरा भी छा सकता है। 11 और 12 जनवरी को अधिकतम तापमान में गिरावट होने की संभावना है। इन दोनों दिनों में अधिकतर कोल्ड डे की स्थिति रहेगी। जबकि न्यूनतम तापमान में अन्य दिनों के मुकाबले ज्यादा गिरावट नहीं आएगी।

Exit mobile version