कुरुक्षेत्र में हरियाणा रोडवेज की ओर से प्रयागराज महाकुंभ मेले के लिए स्पेशल बस चलाई जाएगी। यह बस रोजाना दोपहर करीब 2 बजे कुरुक्षेत्र के नए बस अड्डे से चलेगी। आज हरियाणा बाल कल्याण परिषद की उपाध्यक्षा एवं सीएम नायब सैनी की धर्मपत्नी सुमन सैनी लाडवा से इस बस को हरी झंडी देकर रवाना करेंगी। कुंभ के लिए बस चलने से तीर्थ यात्रियों में काफी उत्साह है।
जानकारी के मुताबिक, रोडवेज की बस 13 घंटे से ज्यादा सफर तय करके अगले दिन प्रयागराज पहुंचेगी। कुरुक्षेत्र से प्रयागराज की दूरी करीब 835 किलोमीटर है। विभाग की ओर से कुरुक्षेत्र से प्रयागराज के लिए 1160 रुपए किराया रखा गया है। विभाग यात्रियों को सभी सुविधाएं देने का दावा कर रहा है।
इस बस में यात्रियों को विभाग की ओर से मिलने वाली तमाम सुविधाएं दी जाएंगी। बस में हैप्पी कार्ड भी चलेगा। इस कार्ड के मुताबिक हरियाणा प्रदेश के लोग 1 हजार किलोमीटर तक रोडवेज की बस में फ्री यात्रा कर सकते हैं। इसी बस में बुजुर्ग अपना आधार कार्ड दिखाकर आधे किराए पर यात्रा कर सकेंगे।
ऑल हरियाणा रोडवेज वर्कर्स यूनियन के प्रधान नरेंद्र पांचाल ने बताया कि सरकार की ओर से कुंभ जाने वाले यात्रियों के लिए कुरुक्षेत्र से बस चलाने का फैसला स्वागत योग्य हैं। कुंभ मेले के लिए नई बस चलानी थी, मगर विभाग ने एक रूट को बंद करके दूसरे पर लगा दिया। मनाली के रूट बंद को करके उस रूट की बसों को प्रयागराज भेजा जा रहा है। इससे मनाली जाने वाले यात्रियों को परेशानी होना लाजिमी है।
रोडवेज के GM शेर सिंह ने बताया कि पूरे फरवरी माह तक प्रयागराज मेला चलेगा, जिसमें डिपो से रोजाना बस मेले के लिए रवाना होगी। विभाग ने एक महीने का स्टेट ट्रांसपोर्ट का टैक्स भर दिया है। अगर रूट पर यात्रियों बने रहे तो बस चलती रहेगी। वहीं मोहाली के रूट को बंद करने पर बताया कि इस रूट पर यात्रियों को परेशानी नहीं होने दी जाएगी और न ही रूट को बंद किया जाएगा।

