Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

स्कूल में महिला प्राचार्य और लाइब्रेरियन ने एक-दूसरे को मारे थप्पड़: बाल पकड़कर खींचा, दीवार पर सिर पटका; कलेक्टर ने दोनों को हटाया

मध्य प्रदेश के खरगोन में महिला प्राचार्य और लाइब्रेरियन के बीच जमकर झूमाझटकी हुई। दोनों ने एक-दूसरे को थप्पड़ मारे, चोटी पकड़कर धक्का-मुक्की की। प्राचार्य ने लाइब्रेरियन का मोबाइल भी तोड़ दिया। घटना शुक्रवार सुबह की है, जिसका वीडियो शनिवार दोपहर को सामने आया है। घटना खरगोन जिला मुख्यालय से महज 8 किलोमीटर दूर स्थित शासकीय एकलव्य स्कूल की है। यहां महिला प्राचार्य प्रवीण दाहिया और लाइब्रेरियन मधुरानी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। जांच के बाद दोनों को पद से हटाकर सहायक आयुक्त प्रशांत आर्या के कार्यालय में अटैच किया गया है।

घटना के समय स्कूल परिसर में मौजूद कुछ अन्य शिक्षकों ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया। यह सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। मामला कलेक्टर भव्या मित्तल तक पहुंचा। कलेक्टर ने तत्काल संज्ञान लेते हुए सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग को जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए। बता दें कि एकलव्य आदर्श आवासीय परिसर दिल्ली से संचालित होता है। कलेक्टर के आदेश पर मामले की जांच कर रिपोर्ट दिल्ली भेजी जा रही है।

मारपीट के घटनाक्रम बाद प्राचार्य और लाइब्रेरियन दोनों ही अलग-अलग समय पर मेनगांव थाने पहुंची। दोनों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाते हुए आवेदन भी दिया है। मेडिकल के लिए दोनों जिला अस्पताल भेजा गया। यहां प्राचार्य दाहिया आईसीयू में भर्ती हो गई। और लाइब्रेरियन मधु रानी भी वार्ड में भर्ती हुई है।

आदिम जाति कल्याण विभाग सहायक आयुक्त प्रशांत आर्य ने कहा कि स्कूल की गरिमा बनाना जरूरी है। शुरुआत की जांच में दोनों के बीच आपस के काम को लेकर बातें आ रही है। हालांकि मामले की पूरी जांच कर रहे है। सख्त कार्रवाई के लिए वरिष्ठ कार्यालय दिल्ली को लिखा गया है।

Exit mobile version