Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में आज निगम मेयर पदों का निकलेगा ड्रॉ: पंचकूला में होगी बैठक, नगर पालिकाओं पर भी सब की नजर

हरियाणा शहरी स्थानीय निकाय विभाग (ULB) के पंचकूला मुख्यालय में आज मेयर और प्रधान पद के लिए ड्रा होगा। हरियाणा के 8 नगर निगमों समेत 34 नगर निकायों में चुनाव होंगे। ये चुनाव 2 चरणों में होंगे।

चुनाव की तैयारियों की घोषणा के बाद से ही इच्छुक उम्मीदवार ड्रा का इंतजार कर रहे थे। ड्रा के बाद ही तय होगा कि किस निगम या नगर पालिका में मेयर और प्रधान का पद किसके लिए आरक्षित रहेगा। महिला, एससी, बीसी और सामान्य पदों के लिए ड्रा निकाला जाएगा। आज पंचकूला में होने वाली बैठक के लिए 22 जिलों के सभी अधिकारियों को पंचकूला मुख्यालय बुलाया गया है।

बता दें कि इससे पहले निकायों में वार्ड आरक्षित किए गए थे। इसके बाद वार्ड सीमांकन का अंतिम मसौदा तैयार करने के लिए वार्ड सीमांकन पर आपत्तियां मांगी गई थीं। आपत्तियों के बाद वार्ड सीमांकन को अंतिम रूप दिया जाएगा और चुनाव प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा।

प्रदेश में 2025 फरवरी तक नगर निगम चुनाव होने की उम्मीद है। इसको लेकर सरकार ने अधिसूचना जारी कर दी है। हरियाणा में मेयर चुनाव के प्रचार के लिए अब उम्मीदवार 5 लाख रुपए ज्यादा खर्च कर सकेंगे। पहले यह सीमा 25 लाख रुपए थे, जिसे बढ़ाकर अब 30 लाख रुपए कर दिया गया है। हरियाणा के निकाय चुनाव को लेकर सरकार ने यह फैसला पिछले दिनों लिया था।निगम में पार्षद का चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवार के लिए भी खर्च की सीमा डेढ़ लाख बढ़ाई गई है। अब वे साढ़े 7 लाख रुपए खर्च कर सकते हैं। वहीं नगर कौंसिल के अध्यक्ष पद के लिए चुनाव खर्च की सीमा को 16 लाख से बढ़ाकर 20 लाख किया गया है।

इसी तरह नगर कौंसिल मेंबर भी साढ़े 3 लाख की जगह साढ़े 4 लाख खर्च कर सकेंगे। म्युनिसिपल कमेटी के अध्यक्ष पद के लिए होने वाले चुनाव में खर्च सीमा 12.50 लाख रुपए कर दी गई है। इससे पहले वह 10.50 लाख रुपए ही खर्च सकते थे।

हरियाणा के आठ नगर निगमों में कुल 212 वार्ड हैं, जिनमें से 74 वार्ड महिलाओं, 28 वार्ड अनुसूचित जाति (SC) और 17 वार्ड पिछड़ा वर्ग-ए (बीसी-ए) के लिए आरक्षित किए गए हैं। इसके अलावा 11 वार्ड बीसी-बी के लिए रिजर्व किए गए हैं। गुरुग्राम, मानेसर, फरीदाबाद, रोहतक, पानीपत, यमुनानगर, करनाल और हिसार नगर निगम के वार्डों में आरक्षण का काम पूरा कर लिया गया है।

हरियाणा के चुनाव आयुक्त धनपत सिंह के मुताबिक निकाय चुनाव दो चरणों में कराए जाएंगे। पहले चरण में गुरुग्राम, मानेसर और फरीदाबाद नगर निगम के चुनाव होंगे। इसके अलावा तीन नगर पालिकाओं सिरसा नगर परिषद, पटौदी जटौली मंडी और अंबाला सदर और 21 पालिकाओं के लिए आम चुनाव भी पहले चरण में होगा।

इसके साथ ही सोनीपत और अंबाला में मेयर पद के लिए उपचुनाव कराए जाएंगे। सोनीपत के मेयर निखिल मदान और अंबाला की मेयर शक्ति रानी शर्मा विधायक बन चुकी हैं। इस कारण दोनों निगमों में मेयर का उपचुनाव कराना पड़ रहा है। दूसरे चरण में मार्च-अप्रैल में बाकी बचे 5 नगर निगमों हिसार, पानीपत, रोहतक, करनाल और यमुनानगर के अलावा थानेसर नगर परिषद एवं अन्य पालिकाओं के चुनाव कराए जाएंगे।

Exit mobile version