Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

तख्त श्री हरमंदिर साहिब के मुख्य ग्रंथि का निधन- खुद के कृपाण से अपने गर्दन पर किया था वार, गुरुद्वारा लाया जाएगा पार्थिव शरीर

पटना सिटी में तख्त श्री हरमंदिर के घायल मुख्य ग्रंथि भाई राजेंद्र सिंह की इलाज के दौरान सोमवार सुबह मौत हो गई। उनकी मृत्यु की खबर सुनते ही तख्त श्री हरमंदिर परिसर में मातमी सन्नाटा छा गया। सिंह ने गुरुवार को आत्महत्या करने का प्रयास किया था। इसके बाद से वो अस्पताल में भर्ती थे।

मुख्य ग्रंथि भाई राजेंद्र सिंह के बेटे दया सिंह ने बताया, ‘सोमवार सुबह 3:00 बजे पटना के PMCH में जिंदगी और मौत के बीच जूझते हुए भाई राजेंद्र सिंह जिंदगी की जंग हार गए। उनका अंतिम संस्कार पटना सिटी के खाज काला घाट पर सोमवार को किया जाएगा। इससे पहले उनके शरीर को अंतिम दर्शन के लिए गुरुद्वारा लाया जाएगा।’

गुरुवार को राजेंद्र सिंह ने खुद के कृपाण से अपने गर्दन पर वार किया था। घायल अवस्था में भाई राजेंद्र सिंह को इलाज के लिए पटना के गुरु गोविंद सिंह अस्पताल में भर्ती कराया गया था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना के पीएमसीएच रेफर कर दिया था। घटना के बाद उनके परिवार सहित तख्त श्री हरमंदिर में अफरातफरी का माहौल बना हुआ था। उनके निधन की पुष्टि चौक थाना प्रभारी गौरी शंकर गुप्त ने की है। उन्होंने बताया कि उन्हें इस बात की सूचना मिली है। मामले की छानबीन की जा रही है। उनके शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

जानकारी के अनुसार, श्री हरमंदिर साहिब के मुख्य ग्रंथी भाई राजेंद्र सिंह पिछले कुछ दिनों से परेशान दिख रहे थे। लोगों ने बताया कि उनके पद पर किसी दूसरे की बहाली की सूचना है। गुरुवार को वह ज्यादा परेशान दिखे। इसी क्रम में उन्होंने आत्महत्या की नियत से अपने कृपाण से खुद के गर्दन पर कई वार किया था। खून से लथपथ होने के बाद जब परिजनों ने उनकी स्थिति देखी तो आनन-फानन में उन्हें गुरु गोविंद सिंह अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

Exit mobile version