Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

बच्चे को नदी में खींच ले गया मगरमच्छ: जबड़े से पैर पकड़कर गिराया, फिर नदी में खींच ले गया; लोग चिल्लाते रह गए

गोंडा में घाघरा नदी के किनारे भैंस चरा रहे बच्चे को मगरमच्छ नदी में खींच ले गया। किनारे मौजूद लोगों ने शोर मचाया। नदी के किनारे ग्रामीणों की भीड़ लग गई, लेकिन कोई पानी में जाने की हिम्मत नहीं जुटा पाया।घटना का वीडियो भी सामने आया है। जिसमें मगरमच्छ नदी के अंदर बच्चे को दबोचे हुए दिख रहा है। बच्चे का सिर कुछ सेकेंड के लिए पानी के ऊपर आता है। फिर मगरमच्छ उसे अंदर खींच लेता है। कुछ देर बाद बच्चा और मगरमच्छ दोनों नदी में गायब हो जाते हैं।

सूचना मिलने पर पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। करीब 7 घंटे की तलाश के बाद सर्चिंग रोक दी गई है। सोमवार सुबह टीम फिर से बच्चे की तलाश करेगी। मामला उमरी बेगमगंज थाना क्षेत्र के सनौली मोहम्मदपुर गांव का है।

गांव में कुंवर बहादुर यादव का परिवार रहता है। कुंवर बहादुर दिल्ली में रहकर काम करते हैं। उनका बेटा राजा बाबू उर्फ नान यादव (13) कक्षा 8वीं में है। वह घर से करीब 200 मीटर दूर उच्च प्राथमिक विद्यालय में पढ़ाई करता है। राजा 2 भाइयों में छोटा है।रविवार दोपहर राजा बाबू घाघरा नदी के किनारे भैंस को नहलाने गया था। किनारे पर ही राजा बाबू खड़ा था। इसी दौरान अचानक नदी से मगरमच्छ निकला और उसके पैर को दबोच लिया। जब बच्चा गिर गया तो गर्दन पकड़कर उसे पानी में खींचकर ले जाने लगा।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मगरमच्छ इतनी तेजी से आया कि राजा बाबू को संभलने तक का मौका नहीं मिला। उसने बच्चे को अपने जबड़ों में जकड़ लिया और पानी में खींच कर ले जाने लगा। लोगों ने बच्चे को मगरमच्छ से छुड़ाने की कोशिश की, लेकिन उनके सारे प्रयास नाकाम रहे। देखते ही देखते मगरमच्छ बच्चे को लेकर उनकी आंखों के सामने से गायब हो गया।

वन विभाग और पुलिस की टीम बच्चे की तलाश में लगी है। गोताखोरों की मदद से नदी में जाल डालकर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। हालांकि अभी तक बच्चे का शव बरामद नहीं किया जा सका है। लोगों का कहना है कि घाघरा नदी में पानी बढ़ने के साथ मगरमच्छों का रिहायशी इलाकों के नजदीक आना आम बात हो जाती है।उमरी बेगमगंज थाना अध्यक्ष नरेंद्र प्रताप राय ने बताया- गांव से सूचना मिली थी कि घाघरा नदी के किनारे एक बच्चे को मगरमच्छ खींचकर पानी में ले गया। 7 घंटे सर्चिंग ऑपरेशन के बाद भी बच्चे का पता नहीं चल पाया। सोमवार सुबह फिर से बच्चे की तलाश की जाएगी।

Exit mobile version