Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा के आश्रम में बेसन के कोफ्ते खाने से बिगड़ी 9 लोगों की हालत, उपचार के लिए ट्रामा सेंटर में करवाया भर्ती

हरियाणा के बहादुरगढ़ शहर स्थित एक आश्रम में बेसन के कोफ्ते खाने से 9 सेवादार बीमार पड़ गए हैं। उन्हें सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। सभी ने रात में बेसन के कोफ्ते खाए थे। इसके चलते फूड पॉयजनिंग हो गई। फिलहाल उनकी तबीयत में सुधार बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, शहर के लाइनपार इलाके स्थित वेदांत आश्रम में शुक्रवार के रात्रि भोजन में कद्दू कोफ्ते बनाए गए थे। आश्रम में मौजूद रसोइये, सेवादारों, आदि ने कोफ्ते खाए और सो गए। रात को एक लड़के ने बताया कि उसे चक्कर आ रहे हैं। सभी को लगा कि गर्मी की वजह से ऐसा हो रहा है। इसलिए, उसे नजरअंदाज कर दिया। फिर रात को सभी की तबीयत बिगड़ गई।

श्रेयांस, नामदेव शास्त्री, विनोद, संजय, विकास, मोहित, धनजी, लीलाराम, सुमित, आदि उल्टी और पेट दर्द से रातभर कराहते रहे। सुबह उन्हें अस्पताल ले जाया गया। बताया जा रहा है कि जिन कमरों में ये ठहरे थे, उसकी कुंडी भी सुबह बाहर से बंद मिली। ऐसे में इनके खाने में किसी ने कुछ मिलाया या फिर गर्मी के कारण ऐसी घटना हुई, पुलिस इसकी जांच करेगी।

मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मी संदीप ने बताया कि मामले की सूचना मिली थी। संभवत: कुछ खाने से इनकी तबीयत बिगड़ी है। अभी लिखित में कोई शिकायत नहीं मिली है। यदि शिकायत मिलती है तो उस आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version