Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

डीसी आवास पर ‘अतिक्रमण हटाने पहुंची कॉकरोच जनता पार्टी…3 एकड़ के पब्लिक पार्क पर अवैध क़ब्ज़ा


हिसार शहर में चल रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान के बीच बुधवार को नया विवाद खड़ा हो गया। कॉकरोच जनता पार्टी के कार्यकर्ता आज हिसार डीसी आवास पहुंचकर कथित तौर पर पब्लिक पार्क से कब्जा हटाने की कार्रवाई करेंगे।

मदद संस्था के अध्यक्ष और कॉकरोच जनता पार्टी के वर्कर संजीव भोजराज ने दावा किया कि डीसी आवास से सटे करीब 3 एकड़ के पब्लिक पार्क पर अवैध कब्जा किया गया है। उनका कहना है कि यह जमीन आम जनता के लिए है, लेकिन प्रशासन ने इसे अपने उपयोग में ले रखा है। भोजराज ने बताया कि एक दिन पहले पार्क की पैमाइश की जा चुकी है और अब जेसीबी के जरिए इसे अतिक्रमण मुक्त करवाने की तैयारी है।

संजीव भोजराज ने प्रशासन पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि नगर निगम और एचएसवीपी हाईकोर्ट के आदेशों का हवाला देकर गरीब दुकानदारों, रेहड़ी संचालकों और आम लोगों पर कार्रवाई कर रहे हैं, जबकि सरकारी दफ्तरों और अधिकारियों के आवासों के बाहर हुए कब्जों को नजरअंदाज किया जा रहा है।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने खुद अवैध कब्जे नहीं हटाए, तो पार्टी आगे भी इस तरह की कार्रवाई करेगी। साथ ही उन्होंने कहा कि जल्द ही हाईकोर्ट में याचिका दायर कर निगम, एचएसवीपी और बीएंडआर विभाग की जमीनों पर हुए कथित सरकारी कब्जों को हटाने की मांग उठाई जाएगी।

भोजराज ने नगर निगम कार्यालय के मुख्य गेट के दोनों ओर ग्रिल लगाकर करीब 150 गज जमीन पर कब्जा करने का भी आरोप लगाया। उनका कहना है कि कॉकरोच जनता पार्टी शहर में सार्वजनिक जमीनों और पार्कों को कब्जामुक्त कराने का अभियान चला रही है और आम लोगों के साथ भेदभाव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Exit mobile version