रोहतक के सिंहपुरा कलां नया बाइपास के पास जली अवस्था में मिले ट्रक चालक के शव मामले में हत्यारे ट्रक क्लीनर को अदालत ने आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। क्लीनर ने 8 जून 2018 को हत्या की थी। हत्या के बाद शव को कपड़े डालकर जला दिया और ट्रक खुद लेकर फरार हो गया।

प्रभारी थाना सदर निरीक्षक अरविंद सिंह ने बताया कि गांव सिंहपुरा कलां नया बाइपास के पास एक अज्ञात व्यक्ति का शव जली हुई अवस्था में मिला था। पुलिस जांच के अनुसार मृतक की पहचान सांबा (जम्मू कश्मीर) निवासी ट्रक चालक निर्मल सिंह के रुप में हुई। हत्या के मामले में ट्रक क्लीनर बजरंगी को ट्रक सहित 13 जून 2018 को सोनीपत से गिरफ्तार किया था।

ट्रक क्लीनर उत्तर प्रदेश के जिला गोरखपुर के गांव चिमचा निवासी बजरंगी को अदालत ने 4 अगस्त को दोषी करार दे दिया था। जिसे शनिवार को राकेश कुमार यादव सैशन जज रोहतक ने आजीवन कारावास व 5000 रुपए जुर्माना की सजा सुनाई गई है। जुर्माना अदा ना करने पर 6 महीने की अतिरिक्त सजा काटनी होगी।

सरदार निर्मल सिंह ट्रक चालक की नौकरी करता था। उसी ट्रक पर बजरंगी क्लीनर की नौकरी करता था। 7 जून 2018 को निर्मल सिंह व बजरंगी ट्रक पर सवार होकर जम्मू के लिए चले थे। 8 जून 2018 को निर्मल सिंह व बजरंगी ट्रक को लेकर रोहतक के गांव करौंथा स्थित एक ढ़ाबे पर पहुंचे। वहां खाना खाने के बाद शाम करीब 6-7 बजे दोनों ट्रक लेकर जीन्द की तरफ चले।

चालक निर्मल सिंह ट्रक में सो गया तथा ट्रक को क्लीनर बजरंगी चलाने लगा। रास्ते का ज्ञान ना होने के कारण बजरंगी ने ट्रक को हिसार की तरफ मोड़ दिया। करौथा से हिसार रोड़ पर करीब 60-70 किलोमीटर चलने के बाद चालक निर्मल सिंह की आंख खुली तो उसने गलत रास्ते पर चलने के कारण बजरंगी को टोका, तो दोनों का आपस में झगड़ा हो गया। बजरंगी ने गाड़ी को वापस रोहतक की तरफ मोड़ लिया।

बहु अकबरपुर स्थित श्याम जी मंदिर से बजरंगी ने ट्रक को जीन्द की तरफ नए बाईपास पर मोड़ लिया। वहां पर बजरंगी का निर्मल सिंह के साथ फिर झगड़ा हो गया। जिस पर बजरंगी ने निर्मल सिंह को थप्पड़ व साइड में रखे व्हील पाने को सिर पर मारा। सिर में चोट लगते ही चालक की मौत हो गई।

बजरंगी ने नए बाईपास पर ट्रक को जीन्द रोड़ पर स्थित गोल चक्कर से वापस बहु अकबरपुर की तरफ मोड़ लिया। बाबा रामपाल आश्रम के पास ट्रक को साइड़ में खड़ा करके निर्मल सिंह के शव को सड़क के साइड में डाल दिया। आरोपी बजरंगी ने खून लगे कंबल व अन्य कपड़े निर्मल सिंह के शव पर डाले और आग लगा दी। उसके बाद आरोपी बजरंगी ट्रक को लेकर सैदपुर (सोनीपत) झुग्गी झोपड़ी में अपने घर चला गया।

You missed

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!