पानीपत जिले के समालखा में जौरासी खास में अर्धनग्न अवस्था में करनाल निवासी ड्राइवर प्रमोद का शव पड़े मिलने के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है।परिजनों ने प्रमोद की मौत नशे का अत्याधिक सेवन करने के कारण इत्तेफाकिया होनी बताई थी। लेकिन अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आई है, जिसमें डॉक्टरों ने स्पष्ट तौर पर कहा है कि प्रमोद की मौत इत्तेफाकिया मौत नहीं है, ब्लकि उसकी हत्या की गई है।पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बताया गया कि प्रमोद की गला घोंटकर और मुंह दबाकर हत्या की गई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या, साजिश के तहत हत्या समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
समालखा थाना पुलिस को दिए बयान में करनाल के गांव टिकरी निवासी महावीर ने बताया कि वह दो बेटों का पिता है। वह खेती-बाड़ी करता है। बड़ा लड़का प्रमोद है। प्रमोद पिछले काफी समय से शराब-सुल्फा आदि का अत्याधिक सेवन कर रहा था। वह नशे का आदी हो चुका था। हालांकि प्रमोद पेशे से ड्राइवरी करता था। मगर अब वह अधिकतर समय खाली रहता था।
3 जनवरी को प्रमोद समालखा के गांव अतोलापुर एक रिश्तेदारी में गया था। गुरुवार सुबह वहां से वापस करनाल के लिए चल दिया था। लेकिन न वह घर पहुंचा और न ही उसका कोई फोन आया। उसके संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो जाने की सूचना मिलने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। रात भर ठंड में परिजन उसे कभी रेलवे स्टेशन, कभी बस स्टैंड, कभी ऑटो स्टैंड तो कभी किसी जगह तलाशते रहे।4 जनवरी को उसका शव गांव जौरासी की एक सड़क किनारे मिट्टी में सना हुआ अर्धनग्न अवस्था में पड़ा मिला। पिता का कहना है कि वह गुरुवार को भी नशे में धुत था। नशे की वजह ही वह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुआ। आशंका है कि वह नशे में धुत होकर मिट्टी में गिर गया और रातभर ठंड में पड़ा रहा। नशे और ठंड की वजह उसकी मौत हो गई। मृतक 14 व 17 वर्षीय दो बेटों का पिता था।

