हरियाणा के रोहतक शहर में पीजीआईएमएस थाना की SHO मोबाइल गाड़ी में तैनात ईएसआई व कांस्टेबल से कार सवार दो युवकों ने हाथापाई की। आरोपी युवक शराब के नशे में धुत्त् थे। उन्होंने पहले पुलिस गाड़ी को टक्कर मारी। उन्हें पूछताछ के लिए पुलिसवालों ने रोका तो वे मारपीट पर उतारू हो गए। साथी पुलिसकर्मियों से मारपीट होते देख मौके पर आए अन्य पुलिसकर्मियों ने दोनों युवकों को पकड़ लिया।
युवकों की गाड़ी की तलाशी लेने पर चाकू समेत अन्य नुकीले हथियार बरामद हुए। आरोपी युवकों पर सरकारी काम में बाधा डालने व मारपीट करने, आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज करके आगामी कार्रवाई की गई है। ईएसआई विनोद ने बताया कि वह रोजाना की तरह मंगलवार रात को भी मेडिकल मोड़ पर मोबाइल वाहन पर साथी कांस्टेबल जितेंद्र के साथ तैनात थे। करीब डेढ़ बजे गोल चक्कर की ओर से आई एक कार ने पहले गोल चक्कर में टक्कर मार दी। इसके बाद कार को तेजी से भगाकर एक अन्य वाहन में टक्कर मार दी। लापरवाही से कार चलाते देखकर उन्होंने युवकों को टोका तो हमारी गाड़ी में टक्कर मार दी। नाम पता पूछा तो उन्होंने हाथापाई कर दी।
दोनों युवक शराब के नशे में धुत्त थे। इस बीच आसपास मौजूद अन्य पुलिसकर्मी भी आ गए, जिन्होंने दोनों युवकों को पकड़ लिया। युवकों ने पूछताछ मे अपना नाम मनीष निवासी चांदी व विरेंद्र निवासी पटेल नगर बताया है। दोनों युवकों से एक-एक धारदार हथियार बरामद किया गया है। थाना पीजीआईएमएस एसएचओ शमशेर सिंह ने बताया कि आरोपी युवकों से प्रारंभिक पूछताछ की गई तो एक आरोपी पहलवान निकला।

