हरियाणा के जींद में पुरानी रंजिश के चलते कार सवार बदमाशों ने अपनी सीमेंट की दुकान के आगे बैठकर धूप सेंक रहे एक व्यक्ति और उसके भतीजे पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाई। गोली लगने से चाचा की मौत हो गई, जबकि भतीजे की हालत गंभीर है। पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई।

डीएसपी धर्मबीर, डीएसपी जितेंद्र, शहर थाना प्रभारी दिनेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद हैं। मर्डर का कारण श्याम सुंदर की पुरानी रंजिश बताई जा रही है, 17 अप्रैल 2016 को श्याम सुंदर के भाई सीमेंट व्यापारी पुरुषोत्तम को अज्ञात लोगों ने गोली मार दी थी, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हुआ। इस मामले में नगर परिषद की पूर्व प्रधान मुकेश देवी के पति धर्मेंद्र पहलवान, बलजीत पोकरी खेड़ी समेत कई लोगों को गिरफ्तार किया था। तभी से ये मामला अदालत में चल रहा है। बुधवार को अदालत में इस मामले में गवाही होनी थी। जिसमें श्याम सुंदर मुख्य गवाह था। इससे पहले ही श्यामसुंदर पर गोलियां बरसा कर हत्या कर दी।

रोहतक रोड स्थित चौड़ी गली निवासी जलपत बंसल ने बताया कि उसका बेटा श्यामसुंदर (54) और पोता हन्नी (32) दुकान के बाहर बैठकर धूप सेंक रहे थे। इस दौरान एक गाड़ी में कुछ बदमाश आए। उनके हाथों में बंदूक थी। उन्होंने आते ही उसके बेटे और पोते पर ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दी। बदमाशों ने लगभग 25 राउंड गोलियां चलाईं, जिसमें से तीन उसके बेटे और एक पोते को लगी। वारदात को अंजाम देकर आरोपित मौके से फरार हो गए। दोनों को घायल अवस्था में अस्पताल में लाया गया। जहां श्याम सुंदर की मौत हो गई।

वारदात की सूचना के बाद पुलिस ने शहर की नाकाबंदी कर दी। एसपी नरेंद्र बिजारनिया, डीएसपी धर्मबीर खर्ब पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। डीएसपी ने बताया कि मामले में सीआईए व शहर थाना की पुलिस जांच के लिए काम कर रही है। हालांकि अब तक इस मामले में पीड़ित पक्ष ने शिकायत नहीं दी है।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!