पानीपत : पानीपत के समालखा कस्बे के गांव डिडवाड़ी में पूर्व महिला सरपंच को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। धमकी देने वाला आरोपी कोई ओर नहीं बल्कि उसका देवर ही है। इसके बाद महिला सरपंच ने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
समालखा थाना पुलिस को दी शिकायत में प्रोमिला ने बताया कि वह गांव डिडवाड़ी की रहने वाली है। वह गांव की सरपंच थी। वह अपने घर पर ही मौजूद थी। इसी दौरान उसके घर के बाहर गली में प्रवीन निवासी गांव डिडवाड़ी आया, जो रिश्ते में देवर लगता है। उसने गली में खड़े होकर गाली-गलौज की। आरोपी ने सरपंच के घर के बाहर काफी देर तक पिस्तौल लहराई।
डर की वजह से उसने घर का दरवाजा नहीं खोला। क्योंकि उस वक्त परिवार के सभी सदस्य बाहर गए हुए थे। इसके बाद आरोपी धमकी देकर मौके से भाग गया। पुलिस ने शिकायत और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 506 के तहत केस दर्ज करके आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

