Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

सिरसा में दूल्हा-दुल्हन ने की हर्ष फायरिंग,12 दिन बाद वीडियो सामने आने पर दोनों पर FIR; युवक पर भी कई केस

सिरसा के गांव बुढ़ाभाणा में 29 फरवरी 2024 को अंग्रेज सिंह उर्फ गेजू की शादी थी। इस दौरान खुशी में झूमते हुए दूल्हे अंग्रेज सिंह ने अपनी पत्नी राजविंद्र कौर के साथ बंदूक से हवा में हर्ष फायरिंग की। हर्ष फायरिंग का ये वीडियो बड़ागुढ़ा पुलिस थाने में तैनात सिक्योरिटी एजेंट एएसआई सुखविंद्र सिंह ने व्हाट्सएप ग्रुप में देखा। इसके बाद उन्होंने वीडियो के बारे में जानकारी जुटानी शुरू कर दी।

ASI सुखविंद्र सिंह को पता लगा कि हर्ष फायरिंग करने वाला गांव बुढ़ाभाणा का अंग्रेज सिंह उर्फ गेजू व उसकी पत्नी राजविंद्र कौर है। दोनों ने 29 फरवरी को अपनी शादी में हवा में बंदूक से फायरिंग की थी। इसके बाद सिक्योरिटी एजेंट सुखविंद्र सिंह ने बड़ागुढ़ा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत में सिक्योरिटी एजेंट सुखविंद्र सिंह का कहना है कि शादी में दूल्हा-दुल्हन ने हवा में जिस प्रकार हर्ष फायरिंग की, उससे आमजन की सुरक्षा को खतरा हो सकता था। जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर मदन का कहना है कि आरोपी पति-पत्नी के खिलाफ आईपीसी की धारा 285 व शस्त्र अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस का कहना है कि आरोपी अंग्रेज सिंह के खिलाफ कई आपराधिक केस दर्ज हैं। वह इन मामलों में सिरसा, हिसार व राजस्थान की जेल में रह चुका है।

Exit mobile version