Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

सोनीपत में शादी के अगले दिन दुल्हन फरार:पति-सास को रात में नशीली चाय पिला बेहोश किया; 24 नवंबर को रखी थी रिसेप्शन

सोनीपत में शादी के अगले दिन दुल्हन रात को पति और सास को बेसुध कर फरार हो गई। 13 नवंबर को शादी हुई थी और अब 24 नवंबर को परिवार की ओर से शादी का रिसेप्शन (पार्टी) रखा गया था। सास और उसके पति को बेहोशी की हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिवार का कहना है कि नई नवेली दुल्हन घर से जेवरात, कीमती सामान व कैश सब कुछ ले गई है। घर में सामान बिखरा पड़ा है और संदूक भी खुली हालत में मिले हैं।

जानकारी के अनुसार खरखौदा में गुरुकुल वाली गली निवासी एक युवक मनजीत की शादी उत्तराखंड की एक युवती पल्लवी के साथ तय हुई थी। खरखौदा से 13 नवंबर को बारात उतराखंड के हरिद्वार गई, जहां दोनों की शादी हुई। शादी की रस्में निभा कर 15 नवंबर को पति पत्नी व परिजन खरखौदा पहुंचे थे। शादी से पूरा परिवार खुश था। परिवार ने 24 नवंबर को शादी की पार्टी (रिसेप्शन) रखी थी। नाते रिश्तेदारों व अन्य जानकारों को इसका न्योता भी दे दिया था।

मनजीत कुमार ने बताया कि शादी के बाद 14 नवंबर को उन्होंने माता पूजन आदि की रस्में की। 15 नवंबर को वो सभी एक साथ अपने घर खरखौदा पहुंचे थे। परिवार के सभी सदस्यों ने खाना खाया और सोने के लिए चले गए। रात को 11 बजे के करीब उसकी पत्नी ने उसके लिए चाय बनाई। उसने चाय पी। इस बीच उसकी पत्नी ने कहा कि वो पानी पीकर आ रही है। इसके बाद वह लेट गया। कुछ देर बाद पत्नी कमरे में आई, लेकिन उसके पास नहीं आई। गेट पर ही खड़ी रही और उसे देखती रही।

मनजीत के अनुसार उसे कुछ देर बाद नींद आने लगी, क्योंकि चाय में उसने कुछ नशीला पदार्थ मिलाया था। उससे उठा ही नहीं गया। उसकी मां को भी चाय पिलाकर बेहोश किया गया। सुबह 4 बजे उसे पता चला, लेकिन उसकी हालत इतनी खराब थी कि उसके पांव जमीन पर टिक ही नहीं रहे थे। उस समय घर पर उसकी मां के अलावा उसके भाई व भाभी भी थे। भाई-भाभी ने चाय नहीं पी थी। उसने बताया कि उसकी पत्नी ने भी चाय पी, लेकिन वह अलग से अपना कप हाथ में पकड़े हुए थी।

मनजीत के अनुसार, सुबह 4 बजे वह किसी तरह से उठ कर बाथरुम गया। इसके बाद अपने कमरे से घर के अंदर गया तो सब कुछ बिखरा पड़ा था। मां भी बेसुध पड़ी थी। इसके बाद उसने शोर मचा कर अपने भाई व भाभी को जगाया और उनको बताया कि दुल्हन भाग गई है। घर को देखा तो संदूक व अलमारी खुले पड़े थे। उनकी मां के गले में चाबी रहती थी, वो बेसुध होने के बाद निकाल कर संदूक व अलमारी टटोले गए। सामान क्या कुछ ले गए, इसका अभी उनको पता नहीं है।

दुल्हन के पति व सास की हालत खराब थी। दोनों को खरखौदा के अस्पताल में पहुंचाया गया। वहां से उनको रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। दुल्हन और उसके पिता का फोन बंद आ रहा है। मनजीत ने बताया कि अभी उन्होंने अपने साथ हुई वारदात की सूचना पुलिस को नहीं दी है। अस्पताल में इलाज चल रहा है।

Exit mobile version