Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

कमरे में फंदे पर लटका मिला शव…ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप

हरियाणा के यमुनानगर की रहने वाली एक विवाहिता की अंबाला जिले के नारायणगढ़ क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। महिला का शव बुधवार को उसके ससुराल स्थित कमरे में फंदे से लटका मिला। सूचना मिलते ही मायके पक्ष मौके पर पहुंचा और ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया।

मृतका की पहचान जगाधरी के मुखर्जी पार्क निवासी 28 वर्षीय नैना के रूप में हुई है। वीरवार को परिजनों ने शव को यमुनानगर लाकर अंतिम संस्कार किया। परिजनों का आरोप है कि नैना को लंबे समय से दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था।

मृतका के पिता रोहित सैनी के अनुसार, उन्होंने वर्ष 2018 में अपनी बेटी की शादी अंबाला के नारायणगढ़ क्षेत्र के गांव कुराली निवासी गौरव के साथ की थी। शादी के कुछ समय बाद से ही पति, सास और देवर द्वारा दहेज की मांग को लेकर नैना को परेशान किया जाने लगा। आरोप है कि उसे खर्च के लिए पैसे भी नहीं दिए जाते थे।

परिजनों ने बताया कि कई बार पंचायत के जरिए समझौता कराया गया, लेकिन हालात नहीं बदले। करीब एक महीने पहले विवाद बढ़ने पर नैना अपने छह साल के बेटे के साथ मायके आ गई थी। बताया जा रहा है कि 15 दिन पहले उसका पति आया और बेटे को जबरन अपने साथ ले गया, जिसके बाद नैना मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगी थी।

परिजनों के अनुसार, दो दिन पहले ससुराल पक्ष के लोग आए और माफी मांगकर नैना को वापस अपने साथ ले गए। बुधवार दोपहर कुराली गांव के सरपंच ने फोन कर सूचना दी कि नैना ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है।

मायके पक्ष का आरोप है कि उनकी बेटी की हत्या कर उसे आत्महत्या का रूप दिया गया है। उनका कहना है कि जब वे मौके पर पहुंचे तो ससुराल पक्ष के सभी लोग फरार थे।

वहीं, नारायणगढ़ थाना प्रभारी ललित कुमार के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला को ससुराल में प्रताड़ित किया जाता था, जिससे परेशान होकर उसने आत्महत्या की। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और ससुराल पक्ष के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version