हरियाणा के रेवाड़ी शहर के गांव निखरी में एक खेत में पेड़ पर चालक का शव लटका हुआ मिला है। मृतक उत्तर प्रदेश के जिला अमरोहा का रहने वाला है। मृतक चालक के भाई ने ट्रांसपोर्ट कंपनी के मालिक और मुंशी पर उनके भाई की हत्या कर शव को फंदे पर लटकाने का आरोप लगाते हुए पुलिस को शिकायत दी है। धारूहेड़ा थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव निखरी के निकट खेत में एक पेड़ पर एक युवक का शव लटका हुआ है। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतार कर शिनाख्त का प्रयास किया। मृतक की शिनाख्त उत्तर प्रदेश के जिला अमरोहा के गांव शाहपुर निवासी नाजिम के रूप में हुई।
पुलिस की सूचना के बाद मृतक के परिजन भी धारूहेड़ा पहुंच गए। मृतक के भाई राशिद ने शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि नाजिम धारूहेड़ा स्थित एक ट्रांसपोर्ट कंपनी में चालक था। 2 नवंबर को वह नागपुर से ट्रक में टायर लेकर चला था और 4 नवंबर की रात करीब साढ़े 12 बजे पटौदी-गुरुग्राम रोड स्थित टायर गोदाम पर पहुंचा था। दीवाली की छुट्टी होने के कारण नाजिम वहां तैनात सुरक्षाकर्मी को टायर से भरी गाड़ी की जानकारी देकर पांच नवंबर को घर चला गया था। 11 नवंबर को वापस आया तो गाड़ी से 395 टायर कम पाए गए। गाड़ी के पीछे लगी सील भी टूटी हुई थी और पीछे रखे टायर सुरक्षित थे, लेकिन आगे के हिस्से से टायर गायब थे। कंपनी इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कराना चाहती थी, लेकिन दर्ज नहीं हो पाई थी।
तभी से नाजिम वहीं ट्रांसपोर्ट कंपनी में ही रह रहा था। 17 नवंबर को नाजिम ने फोन किया तो वह घबराया हुआ था। नाजिम ने बताया कि कंपनी मालिक मोहित, बाबू अशोक, मनीष, रामवीर, प्रदीप, प्रवीण, जेपी व महाबीर उसे प्रताड़ित कर रहे हैं और उसकी हत्या कर सकते हैं। धारूहेड़ा थाना पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव स्वजन को सौंप दिया और राशिद की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

