Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

पंजाब के संगरूर के युवक-युवती का पानीपत में मिला शव, ट्रेन के आगे कूदकर दी जान- स्कूल से 2 दिन से थे लापता

पानीपत में विकास नगर में रेलवे ट्रैक पर रविवार की रात 12 बजे एक युवक-युवती का शव बरामद हुआ है। शवों के रेलवे ट्रैक पर पड़े होने की सूचना मिलने पर जीआरपी मौके पर पहुंची। टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। दोनों शवों के पास से मिले मोबाइल फोन, कागजात आदि से उनकी पहचान हुई।

दोनों की पहचान पंजाब के संगरूर जिला निवासियों के रूप में हुई। इससे पहले 26 मार्च को दोनों स्कूल से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए थे। खोजबीन के बाद परिजनों की ओर से दोनों की गुमशुदगी भी दर्ज कराई गई थी। मामले में जीआरपी की ओर से दोनों के ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है। 

मृतकों के परिजनों को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही दोनों के परिजन अलसुबह पानीपत पहुंचे। परिजनों ने जीआरपी के साथ घटनास्थल देखा। परिजनों के आने पर दोनों शवों को सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका पंचनामा भरवाकर शवगृह में रखवा दिया गया। परिजनों के बयानों के आधार पर मामले में इतेफाकिया कार्रवाई करते हुए जीआरपी ने आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

पानीपत सिविल अस्पताल के शवगृह के बाहर खड़े मृतकों के परिजन।

 मिली जानकारी के अनुसार पंजाब में जिला संगरूर के गांव गुजरान निवासी कुलदीप सिंह (21) और नवदीप कौर (18) दोनों पड़ोसी थे। दोनों ही स्कूल में साथ पढ़ते थे। इस दौरान बीती 26 मार्च की दोपहर बाद दोनों एक साथ संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए थे। परिजनों ने दोनों की अनेक जगहों पर तलाश की, लेकिन कोई सुराग न मिलने पर उन्होंने स्थानीय पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने दोनों की गुमशुदगी का पर्चा दर्ज करके उनकी तलाश शुरू कर दी थी। इसी बीच देर रात परिजनों के पास पानीपत जीआरपी की कॉल गई। जिस कॉल के बाद दोनों परिवारों के पैरों तले की जमीन खिसक गई। दोनों परिवार पानीपत पहुंचे, जहां पहुंचने के बाद पता लगा कि युवक-युवती ने विकास नगर फाटक के पास ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली है।

युवक को विदेश में पढ़ाई करने के लिए जाना था, जिसके लिए उसके परिजनों ने फीस भी भर दी थी। परिजनों के मुताबिक, आगामी 6 दिनों के भीतर उसने पढ़ाई के लिए रूस जाना था। वहीं युवती भी 12वीं की छात्रा थी। वह भी विदेश में पढ़ने के ख्वाब देखती थी। दोनों 26 को स्कूल टाइम में लापता हो गए थे।

दोनों के शव का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिए गए है, परिजनों के बयान दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। – एसआई राजकुमार, जीआरपी थाना प्रभारी

Exit mobile version