
कांग्रेस तो विपक्ष में है ही, अब रोहतक भाजपा भी विपक्ष की भूमिका निभाना चाहती है : कपिल खन्ना
ब्लॉक अध्यक्ष रोहतक
सत्ता, सरकार और प्रशासन भाजपा का, फिर विपक्ष के विधायक के घर धरना क्यों? अपनी नाकामियों से ध्यान भटकाने की कोशिश
बोले- चुनाव आयोग पर सवाल उठते हैं तो जवाब देने भाजपा मैदान में उतर आती है, आखिर यह रिश्ता क्या कहलाता है?
रोहतक 23 अक्टूबर! विधायक भारत भूषण बतरा के इस्तीफे की मांग को लेकर भाजपा के प्रस्तावित प्रदर्शन पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कपिल खन्ना ने तीखा पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में कांग्रेस तो विपक्ष की भूमिका निभा ही रही है, लेकिन अब रोहतक के भाजपा नेता भी विपक्ष बनने को उतावले दिखाई दे रहे हैं। यह अपने आप में विचित्र स्थिति है कि जिनके हाथ में सत्ता, सरकार और प्रशासन है, वे जनता की समस्याओं का समाधान करने के बजाय विपक्ष के विधायक के घर धरना देने की तैयारी कर रहे हैं। खन्ना ने चुटकी लेते हुए कहा कि भाजपा नेताओं को पहले यह तय कर लेना चाहिए कि वे सरकार चला रहे हैं या विपक्ष की भूमिका निभा रहे हैं। सत्ता भी आपकी, सरकार भी आपकी, प्रशासन भी आपका और धरना भी आपका, तो आखिर जवाब किससे मांग रहे हैं?
खन्ना ने भाजपा नेता राम अवतार वाल्मीकि के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वोट चोरी के आरोपों को लेकर विधायक भारत भूषण बतरा का इस्तीफा मांगना राजनीतिक अपरिपक्वता का परिचायक है। कांग्रेस ने सवाल चुनाव आयोग की निष्पक्षता और चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता पर उठाए हैं। इन सवालों का जवाब चुनाव आयोग को देना चाहिए, लेकिन आश्चर्य की बात है कि जब भी चुनाव आयोग पर सवाल उठते हैं, उसकी सफाई देने भाजपा नेता मैदान में उतर आते हैं। इससे चुनाव आयोग और सत्ताधारी दल के बीच संबंधों को लेकर जनता के मन में संदेह और गहरा होता है।
बॉक्स-
चुनाव आयोग से सवाल कांग्रेस का, जवाब देने की बेचैनी भाजपा को क्यों?
कपिल खन्ना ने कहा कि कांग्रेस का सवाल बिल्कुल स्पष्ट है। चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और मतदाता के अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करना चुनाव आयोग की जिम्मेदारी है। यदि कांग्रेस चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रही है तो भाजपा नेताओं को इतनी बेचैनी क्यों हो रही है? उन्होंने कहा कि भाजपा का यह तर्क कि रोहतक में भी वोट चोरी हुई होगी, इसलिए कांग्रेस विधायक इस्तीफा दें, अपने आप में हास्यास्पद है।उन्होंने सवाल किया कि क्या भाजपा स्वयं यह स्वीकार कर रही है कि चुनावों में गड़बड़ी हुई है? यदि ऐसा है तो भाजपा को विधायक के घर प्रदर्शन करने के बजाय निष्पक्ष जांच की मांग करनी चाहिए। खन्ना ने कहा कि जनता के सवालों का जवाब तर्क और तथ्यों से दिया जाता है, राजनीतिक नौटंकी से नहीं।
खन्ना ने कहा, “मेयर साहब,रोहतक को विकास चाहिए, राजनीतिक तमाशे नहीं।”
बॉक्स-
हरियाणा में बिजली का संकट, भाजपा को विधायक के घर प्रदर्शन की पड़ी है
खन्ना ने कहा कि हरियाणा में बिजली आपूर्ति को लेकर जनता परेशान है। शहरों से लेकर गांवों तक लोग बिजली कटौती और बुनियादी समस्याओं का सामना कर रहे हैं। सरकार से समाधान की उम्मीद रखने वाली जनता को भाजपा नेता विपक्ष के खिलाफ प्रदर्शन का कार्यक्रम थमा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सामान्य तौर पर विपक्ष जनता की समस्याओं को लेकर सरकार के खिलाफ धरना देता है, लेकिन हरियाणा में उलटी गंगा बह रही है। यहां सत्ताधारी दल के नेता विपक्ष के विधायक के घर प्रदर्शन करने जा रहे हैं।
खन्ना ने तंज कसा, “भाजपा नेताओं में यदि धरना देने का इतना ही उत्साह है तो बिजली, पानी, सड़क और सफाई की समस्याओं को लेकर अपनी ही सरकार के सामने धरना दें। कम से कम जनता का कुछ भला तो होगा।”
बॉक्स-
अमृत योजना की कथित अनियमितताएं उजागर करने वाले बतरा से घबराती है भाजपा : खन्ना
कपिल खन्ना ने आरोप लगाया कि विधायक भारत भूषण बतरा ने रोहतक में अमृत योजना के कार्यों में करीब साढ़े तीन सौ करोड़ रुपये की कथित अनियमितताओं का मुद्दा प्रमुखता से उठाया है। वे इस मामले में लगातार सवाल उठाते रहे हैं और जवाबदेही की मांग करते रहे हैं। यही कारण है कि भाजपा नेता उनके खिलाफ राजनीतिक दबाव बनाने का प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यदि भाजपा सरकार की नीयत साफ है तो अमृत योजना के कार्यों और खर्च की निष्पक्ष जांच कराए तथा जनता के सामने पूरा हिसाब रखे। विपक्ष के विधायक को निशाना बनाने से अनियमितताओं के आरोपों पर उठे सवाल समाप्त नहीं होंगे।
खन्ना ने कहा कि बतरा ने सदन से लेकर सड़क तक रोहतक के अधिकारों और विकास के मुद्दों को मजबूती से उठाया है। भाजपा को परेशानी इस बात से है कि बतरा जनता के सवालों पर सरकार को जवाबदेह बना रहे हैं।
बॉक्स-
इस्तीफा मांगने से नहीं दबेगी रोहतक की आवाज, जनता को जवाब दे भाजपा
कपिल खन्ना ने कहा कि भारत भूषण बतरा रोहतक की जनता द्वारा चुने गए विधायक हैं। उनका दायित्व जनता की समस्याओं को उठाना और सरकार से जवाब मांगना है। भाजपा नेताओं के प्रदर्शन या इस्तीफे की मांग से वे अपनी जिम्मेदारी निभाना बंद नहीं करेंगे।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष की आवाज दबाने के बजाय सरकार को उसकी बात सुननी चाहिए। भाजपा नेताओं को यह समझना होगा कि विपक्ष के विधायक से इस्तीफा मांगने से उनकी अपनी जवाबदेही समाप्त नहीं हो जाती।
खन्ना ने कहा, भाजपा को बतरा का इस्तीफा मांगने के बजाय अपने वादों, विकास कार्यों और नाकामियों का हिसाब देना चाहिए। कांग्रेस जनता के अधिकारों की लड़ाई सड़क से सदन तक लड़ती रहेगी।”
