Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

सफाई व्यवस्था सुदृढ करना और विकास कार्यो में तेजी लाकर रोहतक शहर की तस्वीर बदलना रहेगा लक्ष्य:-नरेन्द्र कुमार, आयुक्त, नगर निगम, रोहतक।


नवनियुक्त आयुक्त नरेन्द्र कुमार, भा.प्र.से. द्वारा आज विधिवत रूप से बतौर आयुक्त, नगर निगम, रोहतक का कार्यभार ग्रहण किया गया जिस दौरान संयुक्त आयुक्त मंजीत कुमार, उप निगम आयुक्त जितेन्द्र सिंह, जिला नगर योजनाकार तिलकराज व अन्य अधिकारियो द्वारा आयुक्त का पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया तथा उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दी गईं। कार्यभार संभालने उपरांत निगम अधिकारियों एवं शाखा प्रभारियो के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित कर विकास कार्यो, सफाई व्यवस्था, जन शिकायतों के समाधान तथा विकास कार्यों की समीक्षा की। बैठक में शहर की सफाई व्यवस्था, जन समस्याओं के समाधान, लंबित कार्यों तथा विकास परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए। नगर निगम आयुक्त नरेन्द्र कुमार ने कहा कि नगर निगम का मुख्य उदेश्य आमजन को बेहतर एवं समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध करवाना है। अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि नागरिकों के कार्यों में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी न हो, आमजन से शिष्ट एवं मर्यादित व्यवहार किया जाये तथा प्रत्येक शिकायत एवं आवेदन का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र समाधान किया जाए। नगर निगम आयुक्त नरेन्द्र कुमार ने बताया कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाना नगर निगम की सबसे बड़ी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। सफाई शाखा के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी वार्डों में नियमित सफाई, मुख्य बाजारों में विशेष सफाई अभियान तथा मुख्य सड़कों की निरंतर सफाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था को ठीक किया जाए, ताकि प्रातः के समय शहर स्वच्छ एवं व्यवस्थित दिखाई दे। शहर में बने कूड़ा प्वाइंटों को समाप्त किया जाये। साथ ही आगामी बरसात सीजन को देखते हुए नालों एवं नालियों की सफाई मानसून से पूर्व सभी नालों की सफाई का कार्य समय पर पूर्ण किए जाएं ताकि जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो। नगर निगम आमजन की सुविधा एवं शहर के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है तथा कार्यों में लापरवाही या उदासीनता किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी। विकास कार्यो में तेजी लाई जायेगी तथा सौन्दर्यकरण के कार्य करवाकर रोहतक शहर की तस्वीर बदलना मुख्य लक्ष्य रहेगा। बैठक में संयुक्त आयुक्त मंजीत सिंह, उपनिगम आयुक्त जितेन्द्र सिंह, कार्यकारी अभियंता योगराज छिकारा, जिला नगर योजनाकार तिलकराज, वरिष्ठ लेखा अधिकारी राजेश गोयल, लेखा अधिकारी विकास यशकीर्ति, सहायक अभियंता तरूण कुमार, मंदीप, शांत सुहाग, मुख्य सफाई निरीक्षक सुधीर कुमार आदि उपस्थित रहे।

Exit mobile version