Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

5 साल बाद पकड़ में आया दुष्कर्म का आरोपी पुलिस हिरासत से फरार- 2017 में हुआ था केस दर्ज

पानीपत में पंचकूला मानव तस्करी निरोधक शाखा की पुलिस की गिरफ्त से छूटकर दुष्कर्म का आरोपी फरार हो गया है। बता दे आरोपी को कोर्ट में पेश करके पुलिस उसे सिवाह स्थित पानीपत जेल में छोड़ने जा रही थी। रास्ते में बस स्टैंड के पास मेडिकल स्टोर से सामान लेने के लिए पुलिस ने गाड़ी रोकी थी। इसी दौरान आरोपी पुलिसकर्मियों को धक्का देकर फरार हो गया।

आरोपी को पुलिस ने कई जगहों पर तलाशा, मगर उसका कहीं कोई सुराग नहीं लगा। आरोपी दुष्कर्म के मामले में 5 साल बाद गिरफ्तार हुआ था। वहीं आरोपी के भागने की शिकायत पुलिस को दी गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 224 के तहत केस दर्ज करके उसकी तलाश शुरू कर दी है।

सिटी थाना पुलिस को दी शिकायत में SI मुकेश रानी ने बताया कि वह मानव तस्करी निरोधक शाखा राज्य अपराध शाखा पंचकूला में तैनात है। 19 जुलाई को वह ASI राजेश कुमार, HC नरेंद्र सिंह, HC दिनेश कुमार के साथ अंबाला की सरकारी गाड़ी में सवार होकर पानीपत आए थे। यहां किला थाना में दिसंबर 2017 में IPC की धारा 363, 366-A, 216, 376(2)N व 6 पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज हुआ था।

मामले में आरोपी अमित पुत्र राजपाल निवासी अशोक विहार को गिरफ्तार करके पानीपत जेल में न्यायिक हिरासत में रखा गया था। 20 जुलाई को आरोपी को कोर्ट में पेश किया था, जहां से आरोपी को कोर्ट के आदेशों पर फिर से पानीपत जेल ले जाया जा रहा था। कानूनी प्रक्रिया के तहत आरोपी काे मेडिकल जांच के लिए पानीपत सिविल अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टर ने आरोपी के कुछ टेस्ट किए।

इसके बाद आरोपी को सरकारी गाड़ी में सिवाह स्थित जेल की ओर ले जाने लगे। रास्ते में शाम करीब साढ़े 5 बजे बस स्टैंड के नजदीक पहुंचे तो मेडिकल स्टोर के पास गाड़ी रूकते ही आरोपी अमित HC नरेंद्र सिंह को धक्का देकर सरकारी गाड़ी की खिड़की खोलकर भीड़ का फायदा उठाकर पुलिस हिरासत से भाग गया, जिसकी सभी पुलिसकर्मियों ने अनेक जगहों पर तलाश की, मगर उसका कहीं कोई सुराग नहीं लगा।

Exit mobile version