Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में बुजुर्ग की बेरहमी से हत्या का आरोपी गिरफ्तार; मां के कत्ल का बदला लेने के लिए की हत्या; सोते समय डंडे मारकर दिया वारदात को अंजाम

रोहतक के गांव घरौठी निवासी व्यक्ति की रंजिश के चलते बेरहमी से डंडों मारकर हत्या कर दी। वहीं पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जिसने अपनी मां की हत्या का बदला लेने के लिए यह कदम उठाया। आरोपी की मां की हत्या भी करीब 20-22 साल पहले हुई थी। जिसमें मृतक का नाम भी था। वारदात उस समय हुई, जब मृतक अपने प्लाट में बने ट्रैक्टर वाले कमरे में सो रहा था। सोते हुए ही उस पर हमला करके मौत के घाट उतार दिया।

गांव घरौठी निवासी रामबीर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके पिता सुरजीत सिंह हर रोज की तरह खाना खाकर ट्रैक्टर वाले कमरे में सो गए थे। वह हर रोज रात को अपने पिता व पशुओं को संभालने के लिए आता था। जब वे शुक्रवार-शनिवार रात को संभालने के लिए आए तो गांव का ही सुनील दरवाजे के पास शराब के नशे में डंडा लेकर घूम रहा था।

उन्होंने बताया कि उसकी मां शनिवार सुबह पशुओं को चारा डालने के लिए गई थी। इसी दौरान देखा कि उनके पिता चारपाई पर मृत अवस्था में पड़े हुए हैं। चारपाई व आसपास तथा दीवारों पर खून के धब्बे भी पड़े हुए थे। उसकी मां यह देखकर घबरा गई। वहीं उसके ताऊ के लड़के रामअवतार को घर से बुलाकर लाई।

रामअवतार ने रामबीर के पास फोन करके इसकी सूचना दी। सूचना पाकर वह मौके पर पहुंचा और देखा तो पाया कि उसके पिता के सिर पर गहरी चोट लगी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सुनील ने ही उसके पिता की पुरानी रंजिश में हत्या की। जिसके खिलाफ शिकायत पुलिस को देकर उचित कार्रवाई की मांग की।

CCTV में डंडा लेकर जाते हुए दिख रहा आरोपी

आरोपी युवक गांव में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। जिसमें आरोपी युवक रात करीब पौने 12 बजे डंडा लेकर घूमा हुआ दिखाई दे रहा है। जिसके आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई।

SP उदय सिंह मीना के दिशा निर्देशों अनुसार मामले की जांच लाखनमाजरा पुलिस थाना प्रभारी निरीक्षक रणबीर सिंह व प्रभारी CIA-1 प्रधारी SI अनेश ने संयुक्त रूप से की। टीम ने छापेमारी करते हुए वारदात को अंजाम देने वाले मुख्य आरोपी गांव घरौठी निवासी सुनील को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी सुनील की मां की करीब 20-22 साल पहले हत्या हुई थी। उस हत्या में सुरजीत सहित तीन लोगों के नाम आए थे। जिनमें से दो लोगों की पहले ही प्राकृतक मौत हो चुकी थी। आरोपी ने अपनी मां की हत्या की रंजिश रखते हुए सुरजीत के सिर पर सोटे (डंडे) से हमला करके हत्या कर दी।

Exit mobile version