Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

गुरुग्राम की फायरबॉल फैक्ट्री में धमाका: 4 लोगों की मौत, 6 बुरी तरह से झुलसे; कंपनी का मालिक पुलिस हिरासत में

गुरुग्राम के दौलताबाद इंडस्ट्रियल एरिया में फायर बॉल बनाने वाली कंपनी में कल देर रात आग लगने के बाद जबरदस्त धमाके हुए। इससे पूरा क्षेत्र दहल गया। भीषण आग लगने से 6 लोग झुलस गए। वहीं, कंपनी में तैनात एक सिक्योरिटी गार्ड समेत 4 लोगों की मौत हो गई। घायलों को सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। धमाकों के बाद आग लगने की सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। कंपनी में धमाका इतना जोरदार था कि आसपास के मकान तक हिल गए।

घटना के बाद मौके पर पहुंचे DCP करण गोयल के मुताबिक, 6 लोग घायल हैं। उनमें से 2 गंभीर हैं। अभी एक आदमी की तलाश जारी है। रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार चल रहा है। कंपनी का मालिक कब्जे में है। अगर कोई लापरवाही पाई जाती है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। DCP के मुताबिक, पुलिस के पास 10 व्यक्तियों के फंसे होने की सूचना मिली थी। इनमें से 6 कंपनी में थे और बाकी 4 आसपास की कंपनी में थे। पुलिस को शक है कि अभी एक व्यक्ति और फंसा हुआ है, जिसके लिए ऑपरेशन जारी है। मौके पर NDRF और SDRF की टीमें लगी हुई हैं।

जानकारी के अनुसार, यह हादसा अल सुबह करीब 2 बजे का है। दमकल विभाग के कर्मी रमेश कुमार ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि दौलताबाद इंडस्ट्रियल एरिया की कंपनी प्लॉट नंबर-200 टेक्नोक्रैट प्रोडक्टिव सॉल्यूशन में भीषण आग के बाद धमाके हो रहे हैं। इसके बाद दमकल की दर्जनों गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया। वहीं, इस वारदात के बारे में स्थानीय लोगों ने बताता है कि फायर बॉल बनाने वाली कंपनी में लगी आग से रात भर धमाके होते रहे। धमाके इतने जोरदार थे कि आसपास के मकान-दुकान सब हिल गए। धमाकों से आसपास के 200 से 500 मीटर की दूरी पर बनी कंपनियों में भी नुकसान हुआ है। मौके पर पहुंची रेस्क्यू टीमें मलबे को छानने में लगी हुई हैं।

Exit mobile version