सोनीपत में आज सोमवार को बदमाशों ने दिनदहाडे नेशनल हाईवे (NH-44) पर गांव कुमासपुर में टैंपों ड्राइवर को गोलियों से भून दिया। मृतक की पहचान अमित उर्फ चिक्कू (32) के तौर पर हुई है। उसे पांच गोलियां लगी हैं। वारदात के बाद पुलिस की टीमें मौके पर पहुंची। छानबीन जारी है।
बताया गया है कि गांव कुमासपुर निवासी अमित उर्फ चिक्कू टैंपो चलाता था। सोमवार को वह पैदल ही NH-44 के नजदीक किशोरा रोड से गांव की ओर आ रहा था। शराब ठेके के पास पहुंचा तो एक बाइक पर 2 बदमाशों ने उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाई। उसे कई गोली लगी और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। गोलियों की आवाज से पूरा इलाका दहल उठा और आसपास मौजूद लोगों को जहां भी जगह मिली छिप गए। बदमाश हथियार लहराते हुए फरार हो गए।
मर्डर की सूचना के बाद थाना बहालगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची। एफएसएल टीम और सीआईए पुलिस टीम भी छानबीन के लिए बुलाई गई। आसपास के क्षेत्र में नाकाबंदी भी की गई, लेकिन पुलिस की इस कवायद से पहले ही बदमाश फरार हो गए। वारदात की सूचना के बाद अमित के परिजन भी मौके पर पहुंचे। पुलिस हत्या के कारणों को लेकर उनसे पूछताछ कर रही है। प्रारंभिक जांच में उसे 5 गोलियां लगी बताई जा रही हैं। गोली लगने के बाद वह औंधे मुंह गिर गया था। अमित के शरीर पर गोलियों के कई निशान हैं।
पुलिस ने मौके पर छानबीन और आवश्यक कार्रवाई के बाद अमित के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेजा है। पुलिस परिजनों के बयान के आधार पर ही आगे की कार्रवाई करेगी।

