Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में तापमान गिरा:जमीनी हवाओं का असर, 2 दिन तक हल्की बारिश और बादल छाने की संभावना

हरियाणा में मौसम लगातार बदल रहा है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि दो दिन से चल रही जमीनी हवाओं के कारण हरियाणा में तापमान में कमी देखी जा रही है। जहां 2 दिन पहले अधिकतम तापमान 30 डिग्री तक चला गया था, वहीं अब 25 डिग्री के आसपास है। कुछ जिलों में तापमान इससे भी कम है

हरियाणा में आज रात से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है, इसके प्रभाव से 15 और 16 फरवरी को हल्की बारिश और बादल छाए रहने की संभावना है। वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले दिनों में लगातार जमीनी हवाएं और उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलने के कारण हरियाणा में तापमान में हल्की गिरावट जारी रहेगी।

15 फरवरी, फिर 19 फरवरी और फिर 24 फरवरी को एक के बाद एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से पूरे इलाके में मौसम में लगातार बदलाव और तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा।

भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार अभी मौसम साफ है। लेकिन नए पश्चिमी विक्षोभ के कारण चलने वाली हवाओं और बादलों के कारण तापमान में बदलाव आएगा। फिलहाल दिन में धूप खिलने के कारण प्रदेश के कई जिलों का तापमान 25 डिग्री के आसपास है।

मौसम विज्ञानियों के अनुसार रोहतक का तापमान 25.7 डिग्री पर पहुंच गया। यह प्रदेश में सबसे अधिक है। इसी तरह न्यूनतम तापमान में भी मामूली कमी दर्ज की गई है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार अभी औसत तापमान फसल के लिए सही है।

Exit mobile version