हरियाणा में ठंड लगातार बढ़ रही है। 8 जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे चला गया है। हिसार में सीजन की सबसे ठंडी रात रही। यहां न्यूनतम तापमान 0.5 डिग्री गिरकर 7.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। रोहतक में अधिकतम तापमान 22.8 डिग्री रहा। यह सामान्य से 5.4 डिग्री कम है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि रात के तापमान में और गिरावट आ सकती है। 22 और 23 नवंबर को कुछ स्थानों पर कोहरा छाने के आसार हैं। 23 नवंबर को पहाड़ों में पश्चिमी विक्षोभ अपना असर दिखा सकता है। इसका असर मैदानी इलाकों में ठंड के रूप में देखने को मिलेगा।
मौसम विभाग ने 23 नवंबर तक कई जिलों में घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है। इनमें अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, सोनीपत और पानीपत शामिल हैं। जबकि फतेहाबाद, हिसार और जींद में 21 से 23 नवंबर तक घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इधर, मंगलवार को भी घने कोहरे ने लोगों को परेशान किया। अंबाला में विजिबिलिटी जीरो पर पहुंच गई।
धुंध और बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए प्रशासन ने प्रदेश के 13 जिलों में 12वीं तक और एक जिले में 5वीं तक की कक्षाओं की छुट्टियां घोषित कर दी हैं। हरियाणा में प्रदूषण के चलते एनसीआर में शामिल 14 जिलों में से 13 रोहतक, भिवानी, पानीपत, जींद, चरखी दादरी, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, पलवल, सोनीपत, नूंह, फरीदाबाद, गुरुग्राम झज्जर और करनाल में 5वीं तक के स्कूल बंद कर दिए गए हैं।
इन जिलों में ऑनलाइन कक्षाएं लगेंगी। गुरुग्राम-फरीदाबाद में 50 फीसदी कर्मचारियों को घर से काम करने की एडवाइजरी जारी की गई है।
