Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में 4 डिग्री तक गिरा तापमान:7 जिलों में 28 डिग्री पहुंच गया था; कल से बदलेगा मौसम, छाएंगे बादल

हरियाणा में फरवरी में मौसम के अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। कभी एकदम गर्मी बढ़ जाती है तो कभी तापमान गिर जाता है। इसी तरह के रात के तापमान में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। बुधवार को हरियाणा के 7 जिलों में तापमान 28 डिग्री के पार चला गया। बाद में पारा 4 डिग्री तक गिर गया।

मौसम विभाग के अनुसार, अंबाला, नारनौल, गुरुग्राम, कुरुक्षेत्र, रोहतक और सोनीपत में तापमान 24 से 25 डिग्री के बीच दर्ज किया। वहीं करनाल, पानीपत और जींद में तापमान 23 से 24 डिग्री के बीच रहा। इसके अलावा बाकी प्रदेश में तापमान 25 से 26 डिग्री के बीच या इसके आसपास ही रहा।

बुधवार की बात करें तो यमुनानगर, रोहतक, फरीदाबाद, पलवल, महेंद्रगढ़, नारनौल और गुरुग्राम में तापमान 28 डिग्री को पार कर गया था। अब कल से पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होने की संभावना है ऐसे में दिन के तापमान में बादल छाने से गिरावट दर्ज की जा सकती है। वहीं रात के तापमान में उछाल देखने को मिलेगा।

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ का कहना है कि हरियाणा में मौसम आमतौर पर 15 फरवरी तक खुश्क रहने की संभावना है। इस दौरान पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से 14 फरवरी से 16 फरवरी के दौरान बीच-बीच में हवाओं में बदलाव आने से राज्य के ज्यादातर क्षेत्रों में बीच-बीच में आंशिक बादल छाए रहेंगे।

उन्होंने बताया कि 16 फरवरी को पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से दक्षिण पश्चिमी क्षेत्रों में कुछ एक स्थानों पर छिटपुट बूंदाबांदी हो सकती है। इससे दिन के तापमान में हल्की गिरावट आने की संभावना है।

Exit mobile version