हरियाणा में शरीर झुलसा देनी वाली गर्मी पड़नी शुरू हो गई है। 24 घंटे में दिन का अधिकतम तापमान सीजन में पहली बार 46 डिग्री के पार पहुंच गया है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने पूरे प्रदेश में हीट वेव (लू) का ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है। लोगों को सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक 6 घंटे घर में रहने की सलाह दी गई है। आज से 4 दिन यानी 20 मई तक हीट वेव के हालात रहेंगे।
दक्षिण हरियाणा के सभी 10 जिलों में गर्मी के हालात ज्यादा खराब हो रहे हैं। हालांकि, अन्य जिलों में थोड़ी राहत रहेगी। यहां दिन का अधिकतम तापमान 44 तक पहुंचने के आसार हैं। जिन जिलों में गर्मी का प्रकोप रहेगा, वहां 30 से 40 किमी प्रति घंटे की स्पीड से गर्म हवाएं चलेंगी। अमूमन अप्रैल के मध्य से ही लू चलती रही हैं। अबकी बार करीब एक माह देरी से लू दस्तक देगी।
चंडीगढ़ मौसम विभाग (IMD) ने यह भी संभावना जताई है कि बीच-बीच में एक या दो पश्चिमी विक्षोभ से कुछ राहत मिल सकती है। इस दौरान बादल छाएंगे और कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है।
मौसम विभाग की ओर से दक्षिण हरियाणा के 10 जिलों में ज्यादा हालात खराब हो रहे हैं। इनमें महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, मेवात, पलवल, फरीदाबाद, रोहतक, सोनीपत और पानीपत शामिल हैं। इन जिलों में अधिकतम तापमान 43 डिग्री से ऊपर पहुंच गया है। अभी अधिकतम तापमान में 4 डिग्री तक बढ़ोतरी संभव है। उत्तर हरियाणा के जिलों में थोड़ी राहत रहेगी। यहां का तापमान 44 डिग्री तक रहने का अनुमान है।
हरियाणा में 31 मई तक गर्मी का प्रकोप पीक पर रह सकता है। गर्मी का प्रकोप बढ़ने के साथ ही बिजली की खपत 20 करोड़ यूनिट से ज्यादा पहुंच सकती है

