हरियाणा में अगले दो दिन तक लू चलेगी। मौसम विभाग ने बुधवार के लिए 9 जिलों में लू का ऑरेंज अलर्ट और 15 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ेगा।
वहीं गुरुवार को प्रदेश के 15 जिलों में लू का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके बाद शुक्रवार को मौसम में बदलाव हो सकता है। प्रदेश के कुछ जिलों में बादल छाए रह सकते हैं और तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
भारत मौसम विज्ञान विभाग मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ (IMD) ने अगले 2 दिन (11 से 12 जून) के लिए पूर्वानुमान जारी किया है। जिसके तहत 11 जून को प्रदेश के 9 जिलों (सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, रोहतक, जींद, कैथल, कुरुक्षेत्र और अंबाला) में लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं, 13 जिलों (पंचकूला, यमुनानगर, करनाल, पानीपत, सोनीपत, झज्जर, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात और पलवल) में यलो अलर्ट जारी किया गया है।
12 जून को प्रदेश के 15 जिलों (सिरसा, फतेहाबाद, जींद, हिसार, भिवानी, रोहतक, सोनीपत, चरखी दादरी, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और मेवात) में लू चलने का येलो अलर्ट है। बाकी 7 जिलों को ग्रीन जोन में रखा गया है। इसके बाद मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा।

