हरियाणा में अधिकतम तापमान 40 डिग्री तक पहुंच गया है। लू को लेकर भी अलर्ट जारी किया गया है। जिसके चलते लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है। पशु-पक्षियों को लू से बचाने के लिए एडवाइजरी जारी की गई है। अगले तीन-चार दिनों में गर्मी लगातार बढ़ेगी।
हरियाणा के अधिकतम तापमान में बुधवार को 0.3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। प्रदेश का अधिकतम तापमान सामान्य से 2.1 डिग्री सेल्सियस अधिक पहुंच गया है। इधर, हिसार प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा। जहां अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस मापा गया।
भिवानी के डीसी महावीर कौशिक ने पशुपालकों से अपील करते हुए कहा है कि वे पशुधन को हीट-वेव यानी लू अथवा अत्यधिक गर्मी से बचाव को लेकर पशुपालन विभाग की एडवाइजरी का पालन करें। उन्होंने पशुपालन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे पशुपालन की एडवाइजरी के बारे पशु पालकों में जागरूकता लाएं। जिले में गर्मी की लहर की स्थिति पर नजर रखें।
पशुपालन विभाग ने किसानों एवं पशुपालकों को सलाह दी है कि अपने पशुओं के लिए आवास गृह, पशु शेड की व्यवस्था करें। दोपहर में पशुओं को छायादार वृक्षों के नीचे आराम कराएं। 45 डिग्री से अधिक तापमान होने पर पशुओं के आवास गृह की खिड़की दरवाजों पर गीले पर्दे से बचाव करें। दुधारू पशुओं के लिए कूलर की व्यवस्था भी की जा सकती है। पशुओं एवं पक्षियों के लिए दिन में 4-5 बार स्वच्छ एवं ठण्डे जल की व्यवस्था करे
पिछले 24 घंटे के मौसम की बात करें तो प्रदेशभर के जिलों के अधिकतम तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिला। हरियाणा के अधिकतम तापमान में सबसे ज्यादा गिरावट भिवानी जिले में 2.1 डिग्री की हुई। जिसके बाद भिवानी का अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। वहीं सबसे ज्यादा बढ़ोतरी नारनौल में 1 डिग्री हुई। इसके बाद नारनौल का तापमान 38.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।
