Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

फरीदाबाद में टेक महिंद्रा के एशिया हेड परमजीत धनखड़ की गोली मारकर हत्या, 9 गोलियां लगने का दावा; पार्किंग विवाद में वारदात

फरीदाबाद। हरियाणा के फरीदाबाद में पार्किंग को लेकर हुए विवाद में टेक महिंद्रा के एशिया हेड परमजीत धनखड़ की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना सेक्टर-21C की एक रिहायशी बिल्डिंग में हुई। आरोप है कि पड़ोसी मोनू शर्मा ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से परमजीत पर करीब 15 राउंड फायरिंग की, जिनमें से 9 गोलियां उन्हें लगीं। उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, दोनों परिवारों के बीच गाड़ी पार्क करने और पार्किंग में कुत्ते को घुमाने को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। शुक्रवार रात परमजीत जिम से लौटे थे। उन्होंने अपनी निर्धारित पार्किंग में खड़ी मोनू की गाड़ी हटाने को कहा, जिसके बाद विवाद बढ़ गया और आरोपी ने उन पर गोलियां चला दीं।

पार्किंग को लेकर हुआ था विवाद

जानकारी के अनुसार, परमजीत का परिवार सेक्टर-21C की बिल्डिंग नंबर 641 की पहली मंजिल पर रहता है, जबकि आरोपी मोनू शर्मा का परिवार तीसरी मंजिल पर रहता है। दोनों परिवारों के बीच पार्किंग को लेकर पहले भी कहासुनी हो चुकी थी।

सूरजकुंड थाना प्रभारी प्रह्लाद के मुताबिक, करीब चार-पांच दिन पहले भी मोनू और परमजीत के बेटे शौर्या के बीच झगड़ा हुआ था। हालांकि, उस समय मामला सुलझ गया था।

जिम से लौटने के बाद हुई फायरिंग

पुलिस के अनुसार, शुक्रवार रात परमजीत जिम से लौटे थे। उन्होंने अपनी तय पार्किंग में खड़ी मोनू की गाड़ी हटाने के लिए कहा। इसी बात पर दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि मोनू ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकालकर परमजीत पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।

बताया जा रहा है कि आरोपी ने करीब 15 राउंड गोलियां चलाईं और परमजीत को 9 गोलियां लगीं। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और वहां से कारतूसों के खोल बरामद किए।

परिवार समेत फरार होने का आरोप

वारदात के बाद आरोपी मोनू शर्मा अपने परिवार के साथ फरार हो गया। परमजीत के बेटे शौर्या की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू की गई। परमजीत के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भेजा गया है।

बेटे की शिकायत पर पांच लोगों के खिलाफ केस

सूरजकुंड थाना प्रभारी प्रह्लाद ने बताया कि परमजीत के बेटे शौर्या की शिकायत पर मोनू शर्मा उर्फ मोहन, उसकी पत्नी दिव्या, बेटे मयंक, बेटी नैना और भाई हेतराम के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

भांजे की शादी में शामिल होने सिंगापुर से आए थे

परमजीत धनखड़ सिंगापुर में रहते थे और टेक महिंद्रा में एशिया हेड के पद पर कार्यरत बताए गए हैं। वह 5 नवंबर को भारत आए थे। उन्हें 24 नवंबर को अपने भांजे की शादी में शामिल होना था, लेकिन इससे पहले ही उनकी हत्या कर दी गई। उनकी मौत की खबर से परिवार और परिचितों में शोक का माहौल है।

Exit mobile version