हरियाणा के कुरुक्षेत्र में मंगलवार को धान की सरकारी खरीद शुरू न होने पर किसान और पुलिस आमने-सामने हो गए। भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) ने GT रोड जाम करने का ऐलान किया था। DC विश्राम कुमार मीणा के साथ मीटिंग बेनतीजा रहने के बाद किसान जाम करने निकल गए।
बराड़ा रोड पर किसान बैरिकेडिंग तोड़ आगे बढ़े तो पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया और आंसू गैस के गोले दागे। इसके बावजूद कुछ किसान फ्लाईओवर पर चढ़ गए। पुलिस ने उन किसानों को उतार लिया। DSP रणधीर का कहना है कि हाईवे पर ट्रैफिक चल रहा है।
किसानों ने शहीद उधम सिंह स्मारक के पास धरना शुरू कर दिया है। SP चंद्रमोहन भी हालात का जायजा लेने के लिए मौके पर पहुंचे।
किसान नेता गुरनाम सिंह चढ़ूनी ने कहा, “देश का पेट पालने वालों पर बमबारी हुई। हम पाकिस्तानी नहीं हैं। सैंकड़ों गोले दागे, पानी छोड़ा, लाठचार्ज किया। मेरे भी पैर पर चोट आई। जब तक हमारी बात नहीं मानी जाएगी, हम यहीं रहेंगे। हमने मोर्चा लगा दिया है।
गुरनाम सिंह चढ़ूनी ने कहा कि 16 सितंबर को धान की सरकारी खरीद को लेकर शाहाबाद अनाज मंडी में किसानों की बैठक हुई थी। इसमें कुरुक्षेत्र के DC विश्राम कुमार मीणा भी पहुंचे थे। किसानों ने मंडियों में फसल पहुंचने का हवाला देते हुए जल्द खरीद शुरू करने की मांग की थी। प्रशासन ने बताया था कि राज्य सरकार ने केंद्र से तय समय से पहले 20 सितंबर से खरीद शुरू कराने का अनुरोध किया है।
इस आश्वासन के बाद किसानों ने 20 सितंबर तक खरीद शुरू करने का अल्टीमेटम दिया था और मांग पूरी न होने पर 22 सितंबर को जाम लगाने की चेतावनी दी थी।
