Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

टीम इंडिया के ऑलराउंडर शिवम दुबे की जिंदगी में मैच में एक नई पारी शुरू

इंडिया (Team India) के ऑलराउंडर शिवम दुबे (Shivam Dube) भले ही इस वक्त भारतीय टीम के साथ मैदान पर मौजूद न हों, क्रिकेट की पिच से हटकर उन्होंने अपनी जिंदगी के मैच में एक नई पारी शुरू कर ली है. मुंबई का ये ऑलराउंडर शादी के बंधन में बंध गया है. शिवम ने शुक्रवार 16 जुलाई को अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स पर कुछ तस्वीरों के साथ अपनी शादी की जानकारी दी.

क्रिकेट मैदान पर अपने आतिशी बैटिंग के लिए मशहूर शिवम दुबे ने ट्विटर और इंस्टाग्राम पर अपनी पत्नी के साथ शादी की तस्वीरें शेयर कर जिंदगी के नए हिस्से के बारे में अपने फैंस को बताया. शिवम ने अपनी गर्लफ्रेंड अंजुम खान से शादी की. शिवम ने आज से पहले कभी अपनी गर्लफ्रेंड के बारे में सोशल मीडिया या अन्य किसी जरिए से कुछ नहीं बताया था, ऐसे में अचानक शादी की अच्छी खबर ने फैंस को थोड़ा चौंका जरूर दिया.

शिवम और अंजुम खान ने अपने दोनों धर्मों की मान्यताओं और परंपराओं का ध्यान रखा और इसलिए हिंदू और मुस्लिम, दोनों रिवाजों के आधार पर शादी की. दोनों ने इन तस्वीरों को पोस्ट कर ये पहलू भी जाहिर किया.

28 साल के शिवम दुबे बाएं हाथ से बल्लेबाजी करते हैं और लंबे-लंबे छक्के जड़ने के लिए मशहूर हैं. उन्होंने घरेलू क्रिकेट में मुंबई की ओर से एक ओवर में 5 छक्के जड़ने जैसा कमाल किया था. खास बात ये है कि वह ऐसा एक नहीं, बल्कि दो बार कर चुके हैं. शिवम दुबे ने विराट कोहली की कप्तानी में भारत के लिए 2019 में अपना डेब्यू किया था. उन्होंने टीम इंडिया के लिए 1 वनडे और 13 टी20 मैच खेले हैं. इसमें उनके बल्ले से कुल 114 रन आए हैं, जिसमें एक अर्धशतक शामिल है. साथ ही उन्होंने 5 विकेट भी झटके हैं. दुबे आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के लिए खेल चुके हैं, जबकि अब वह राजस्थान रॉयल्स का हिस्सा हैं.

Exit mobile version