Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

शिक्षक बना हैवान: 13 साल के मासूम की ले ली जान , कसूर सिर्फ इतना कि होमवर्क नहीं किया था , आरोपी टीचर गिरफ्तार

राजस्थान के चूरू में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। जिले के सालासर थाना क्षेत्र के गांव कोलासर में बुधवार दोपहर टीचर की पिटाई से 7वीं क्लास के बच्चे की मौत हो गई। 13 साल के उस मासूम का कसूर सिर्फ इतना था कि,वह होमवर्क करके स्कूल नहीं गया था। टीचर ने उसे जमीन पर पटक-पटकर लात-घूसों से इतना मारा कि उसके नाक से खून बहने लगा। बच्चा बेहोश हो गया। कुछ देर तक होश नहीं आने पर आरोपी टीचर ही उसे अस्पताल लेकर गया। वहां डॉक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। बच्चे के पिता की शिकायत पर आरोपी टीचर को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पिता ने बताया कि बच्चे के सिर,आंख और मुंह पर चोट के निशान थे। पुलिस ने बताया कि स्कूल आरोपी टीचर के पिता बनवारी लाल का ही है। मॉडर्न पब्लिक स्कूल में बच्चा पहली क्लास से पढ़ रहा था। बुधवार सुबह बच्चा स्कूल गया था, जहां होमवर्क नहीं करने पर टीचर मनोज ने पिटाई कर दी। इससे उसकी जान चली गई। रिपोर्ट दर्ज कर पोस्टमॉर्टम करवाया जा रहा है। इसके बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।

पुलिस को पिता ओमप्रकाश ने बताया कि करीब सवा नौ बजे स्कूल के टीचर मनोज का फोन आया। टीचर ने कहा कि गणेश होमवर्क करके नहीं आया था। पिटाई करने पर वह बेहोश हो गया। बच्चे को लेकर अस्पताल जा रहे हैं। इसके बाद पिता अस्पताल पहुंचा, लेकिन इसके पहले ही डॉक्टर बच्चे को मृत घोषित कर चुके थे। बच्चे ने 15 दिन पहले भी पिता से टीचर की शिकायत की थी। बच्चे ने बताया था कि टीचर मनोज बेवजह पिटाई करता है।पिता की रिपोर्ट पर टीचर के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। शिक्षा मंत्री ने जांच पूरी होने तक स्कूल की मान्यता रद्द करने के लिए अधिकारी को निर्देश दिए हैं।

Exit mobile version