Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में शिक्षक पर 5वीं के छात्र से मारपीट का आरोप, हाथ में फ्रैक्चर; सिविल अस्पताल में भर्ती

रोहतक के महम ब्लॉक के बहलबा स्थित डी.के. सीनियर सेकेंडरी स्कूल में एक शिक्षक पर 5वीं कक्षा के छात्र के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। घटना में 11 वर्षीय छात्र वंश के बाएं हाथ में फ्रैक्चर होने की बात सामने आई है। घायल छात्र का इलाज रोहतक के सिविल अस्पताल में चल रहा है।परिजनों के अनुसार, वंश स्कूल में अन्य बच्चों के साथ झगड़ रहा था। इसी दौरान शिक्षक संदीप मौके पर पहुंचे और छात्र की पिटाई कर दी। आरोप है कि मारपीट के कारण छात्र के बाएं हाथ में गंभीर चोट लगी और बाद में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई।छात्र के परिजन राहुल अहलावत ने बताया कि पहले बच्चे को महम के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे रोहतक के सिविल अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उसे भर्ती कर उपचार शुरू किया गया।परिजनों का यह भी आरोप है कि जब वे मामले की शिकायत करने स्कूल पहुंचे तो शिक्षक ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और छात्र को स्कूल से निकालने की धमकी दी। उन्होंने कहा कि मामले की शिकायत पुलिस के साथ-साथ जिला शिक्षा अधिकारी को भी दी जाएगी, ताकि संबंधित शिक्षक के खिलाफ उचित कार्रवाई हो सके।वहीं, महम थाना पुलिस ने बताया कि शिक्षक द्वारा छात्र से मारपीट की शिकायत प्राप्त हुई है। शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस जल्द ही छात्र, शिक्षक और संबंधित पक्षों के बयान दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी।फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version