हरियाणा के रोहतक जिले के महम में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। महम बाइपास पर बडेसरा रोड की क्रॉसिंग के पास भिवानी व भैणी भैरो फ्लाईओवर के बीच में एक स्कूटी सवार महिला को अज्ञात कार ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद स्कूटी एक ट्रक के नीचे जा घुसी। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी कार चालक मौके से फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही महम थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पीजीआई भिजवाया व परिजनों को सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस व परिजन पीजीआई पहुंचे। परिजनों के बयानों के आधार पर महम थाना पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज करके मामले की आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
महिला महम के सीखरखास गांव की रहने वाली है। इस हादसे के बाद उसके गांव और स्कूल में शोक ही लहर दौड़ गई। 35 वर्षीय प्राध्यापिका दिनेश कुमारी की पोस्टिंग खंड के ही गांव भैणी महाराजपुर के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में थी। वह स्कूल में अंग्रेजी विषय पढ़ाती थी। रोजाना की तरह वह अपनी स्कूटी पर सवार होकर घर से स्कूल के लिए निकली थी। जब हाईवे पर पहुंची तो तेज गति से आ रही अज्ञात कार ने दोपहिया वाहन को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह दोपहिया वाहन से उछलकर दूर सड़क पर जा गिरीं। आसपास के लोगों ने उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बैग में मिले कागजों के आधार उसकी शिनाख्त हुई। सूचना मिलने पर स्कूल स्टाफ मौके पर पहुंचा। दिनेश कुमारी के पति परमेंद्र कुमार भैणी भैरों के स्कूल में बतौर पीटीआइ कार्यरत हैं। परमेंद्र अंतरराष्ट्रीय स्तर के पहलवान भी रह चुके हैं। परमेंद्र भी मौके पर पहुंचे। इस घटना के बाद भैणी महाराजपुर स्कूल में शोक के चलते अवकाश भी कर दिया गया। मृतका 2014 में नौकरी लगी थी। वह एक बेटे और एक बेटी की मां थी। करीब 10 साल पहले भाई-भाभी की भी हादसे में मौत हो चुकी थी। जिनके बच्चों के पालन-पोषण की जिम्मेदारी भी उसने ही संभाल रखी थी।

