सिरसा के गांव भंभूर स्थित प्राइवेट स्कूल में नौंवी कक्षा के एक छात्र को अजीब ढंग से बालों की कटिंग करवाने पर टोकना अध्यापक को महंगा पड़ गया। छात्र अपने पिता व परिजनों को लेकर आया और आते ही अध्यापक से मारपीट की। अध्यापक को बचाने का प्रयास किया तो स्कूल प्रिंसिपल के पति, उसके बेटे व स्कूल के अन्य अध्यापकों के साथ भी मारपीट की गई। इस मामले में सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सनराइज इंटरनेशनल सीनियर सेकेंडरी स्कूल की प्रिंसिपल अरूणा कुमारी ने बताया कि बृहस्पतिवार को उनके स्कूल की नौंवी कक्षा में पढ़ने वाला पुष्पेंदर अजीब तरह की कटिंग करवाकर आया था। जिसको स्कूल टीचर सुनील ने टोका । आरोप है कि इसके बाद पुष्पेंदर अपने पिता पवन कुमार, कमल, मोहित, मुकेश, रामकुमार को लेकर 3 मोटरसाइकिलों पर सवार होकर स्कूल में आया। आते ही उन्होंने क्लास टीचर सुनील को थप्पड़-मुक्के मारे व कुर्सी उठाकर मारी। शोर सुनकर प्रिंसिपल का पति रमेश कुमार वहां आया, आरोपियों ने उनसे भी मारपीट की। इसके बाद टीचर गीता, किरण, मीनू तथा उसका बेटा निखिल बीच-बचाव करने आया तो उन्होंने उनसे भी मारपीट की और अध्यापक सुनील को धमकी दी कि दोबारा भंभूर गांव में दिखाई दिया तो जान से मार देंगे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
इधर, सर्व विद्यालय संघ के संरक्षक भारत भूषण ने बताया कि एक टीचर के साथ ऐसा व्यवहार करना निदंनीय है। टीचर से शिकायत है तो स्कूल प्रबंधन को अवगत करवाए। इससे स्कूल के बच्चों और स्टाफ सदस्यों में खौफ का माहौल है। छात्र का नाम काट दिया है, कोई भी निजी स्कूल इसे दाखिला नहीं देगा। आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

