हरियाणा के कैथल जिले में शादी के महज तीन महीने बाद 24 वर्षीय नवविवाहिता की संदिग्ध मौत हो गई। युवती का शव ससुराल में पंखे से लटका मिला। मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर पति, ससुर और देवर ने उसकी हत्या कर शव को फंदे पर लटका दिया, ताकि मामला आत्महत्या का लगे। युवती दो महीने की गर्भवती भी थी।
3 महीने पहले हुई थी शादी
मृतका की पहचान करनाल के गांव अलवाला निवासी 24 वर्षीय मीनाक्षी के रूप में हुई है। उसकी शादी करीब तीन महीने पहले कैथल के चीका निवासी मंगत राम से हुई थी, जो मेडिकल स्टोर संचालक है। परिजनों का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष दहेज के लिए उसे प्रताड़ित करने लगा था।
मां बोली- बेटी ने कहा था, मुझे घर ले जाओ
मृतका की मां सरोज ने बताया कि शनिवार रात मीनाक्षी से फोन पर बात हुई थी। उसने कहा था कि वह ससुराल में बहुत परेशान है और उसे घर ले जाया जाए। परिवार ने अगले दिन सुबह उसे लेने जाने का फैसला किया था, लेकिन देर रात ससुर का फोन आया कि मीनाक्षी ने फांसी लगाकर जान दे दी है।
बुलेट की मांग, ताने और प्रताड़ना
परिजनों का आरोप है कि शादी में हैसियत के अनुसार दहेज देने के बावजूद ससुराल पक्ष लगातार बुलेट मोटरसाइकिल की मांग करता था। मीनाक्षी को ताने दिए जाते थे कि अगर शादी पंजाब में होती तो अधिक दहेज मिलता। उसे अपमानित कर ‘डांगर’ कहकर बुलाया जाता था।
हत्या कर आत्महत्या दिखाने का आरोप
परिवार का कहना है कि मीनाक्षी दो महीने की गर्भवती थी और आत्महत्या नहीं कर सकती थी। उनका आरोप है कि पति, ससुर और देवर ने मिलकर उसकी हत्या की और बाद में शव को फंदे पर लटका दिया।
पोस्टमॉर्टम के बाद जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। जांच अधिकारी रणदीप सिंह ने बताया कि पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। शिकायत, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
