हरियाणा के रेवाड़ी में पंचर टायर बदलते वक्त हादसा
रेवाड़ी में रविवार रात करीब साढ़े 11 बजे इनोवा कार को SUV ने टक्कर मार दी। हादसे में 4 महिलाओं समेत 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 7 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों को रेवाड़ी और गुरुग्राम के प्राइवेट अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया गया है।
हादसा दिल्ली रोड पर मसानी गांव के पास हुआ। इनोवा सवार महिलाएं खाटू श्याम से दर्शन कर लौट रही थीं। रास्ते में उनकी कार का टायर पंचर हो गया। उसी दौरान तेज रफ्तार में आई दूसरी कार इनोवा में घुस गई।
मृतकों की पहचान उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद निवासी रोशनी (58), नीलम (54), पूनम जैन (50), शिखा (40), हिमाचल के रहने वाला ड्राइवर विजय (40) और रेवाड़ी के खरखड़ा गांव निवासी सुनील (24) के रूप में हुई है।
घायलों में रेवाड़ी के खरखड़ा गांव निवासी रोहित (24), अजय (35), सोनू (23), मिलन (28), बरखा (50) और गाजियाबाद की रहने वाली रजनी (46) शामिल हैं।
गाजियाबाद की अजनारा ग्रीन सोसाइटी में रहने वाली शिखा, पूनम, नीलम, रजनी, रोशनी ड्राइवर विजय के साथ इनोवा कार से राजस्थान के खाटू श्याम गए हुए थे। रविवार रात ये सभी वापस गाजियाबाद लौट रहे थे। तभी गांव मसानी के पास उनकी गाड़ी का टायर पंचर हो गया। गाड़ी का ड्राइवर टायर बदल रहा था और कार में सवार महिलाएं बाहर सड़क किनारे खड़ी हुई थीं।
इसी दौरान रेवाड़ी से धारूहेड़ा की तरफ जा रही एक SUV कार ने इनोवा कार और पास में खड़ी महिलाओं को टक्कर मार दी।
हादसे में पांच की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एसयूवी कार में सवार रेवाड़ी के गांव खरखड़ा निवासी मिलन, सोनू, अजय, सुनील व रोहित गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास के ग्रामीणों ने तुरंत सभी को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां खरखड़ा निवासी सुनील ने भी दम तोड़ दिया।
अन्य घायलों को गंभीर हालत में रेवाड़ी और गुरुग्राम के प्राइवेट अस्पतालों में ले जाया गया। सूचना के बाद धारूहेड़ा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। इसके बाद पुलिस ने शव कब्जे में ले लिए।
