Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा-हिमाचल में ‘PIA’ लिखे संदिग्ध गुब्बारे मिलने से हड़कंप…पुलिस जांच में जुटी

हरियाणा और हिमाचल प्रदेश में ‘PIA’ लिखे संदिग्ध गुब्बारे मिलने से हड़कंप मच गया है। हरियाणा के सिरसा जिले के एक गांव में बुधवार को एक घर के बाहर सफेद और नीले रंग का गुब्बारा मिला, जिस पर अंग्रेजी और उर्दू में ‘PIA’ लिखा था। गुब्बारे पर पाकिस्तान के झंडे की तस्वीर भी बनी हुई थी, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत जांच शुरू कर दी।

अधिकारियों के अनुसार, गुब्बारे में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं पाई गई है। यह गांव हरियाणा-राजस्थान सीमा के पास स्थित है, जिससे मामले को लेकर सतर्कता और बढ़ा दी गई है।

वहीं, चंबा जिले के भटियात क्षेत्र की नगाली पंचायत के शुकड़ाह गांव में भी इसी तरह का गुब्बारा मिलने से इलाके में दहशत फैल गई। ग्रामीणों ने गुब्बारा देखने के बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही डलहौजी के डीएसपी मयंक शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

पुलिस ने गुब्बारे को कब्जे में लेकर मालखाने में सुरक्षित रखवा दिया है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि कुछ दिन पहले भी इसी इलाके में ऐसा ही गुब्बारा मिला था।

गौरतलब है कि इससे पहले हिमाचल के बिलासपुर और कांगड़ा जिलों में भी इस तरह के गुब्बारे मिलने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां मामले को गंभीरता से लेते हुए हर एंगल से जांच कर रही हैं।

Exit mobile version