हरियाणा की सभी 10 लोकसभा सीटों पर कल वोटिंग की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। इन सीटों पर 25 मई की सुबह 7 बजे से लेकर शाम 6 बजे तक वोट डाले जाएंगे। लोकसभा सीटों के साथ करनाल विधानसभा सीट पर भी उपचुनाव होगा। हरियाणा में सभी दस सीटों पर कुल 223 व उप-चुनाव के लिए 9 उम्मीदवार मैदान में हैं।
प्रदेश में 25 मई को लोकसभा चुनाव के लिए मतदान के दौरान सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वाले असामाजिक तत्व हरियाणा पुलिस के रडार पर रहेंगे। ऐसा करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह बात हरियाणा के पुलिस महानिदेशक (DGP) शत्रुजीत कपूर ने प्रदेश के सीनियर पुलिस ऑफिसर के साथ आयोजित मीटिंग के दौरान दी।
उन्होंने कहा कि 25 मई को प्रदेश में लोकसभा चुनाव के लिए मतदान है, ऐसे में कानून व्यवस्था बाधित करने की अनुमति किसी को नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि कई बार कुछ शरारती तत्व मतदान केंद्र की फर्जी VIDEO सोशल मीडिया पर वायरल कर देते हैं।जिससे कानून व्यवस्था बाधित होती है।
सोशल मीडिया पर इस प्रकार की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए हरियाणा पुलिस की टीमें अलग-2 स्तर पर मॉनिटरिंग करते हुए सक्रियता से कार्य करेगी और फर्जी वीडियो डालने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी। DGP कपूर ने लोगों से भी अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाले ऐसे वीडियोज को अपने सोशल मीडिया अकाउंट से शेयर ना करें।
