Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

बार चुनाव के गजब नतीजे , रोहतक में हंगामा, डबवाली में टॉस से बंटी प्रधानी

हरियाणा। प्रदेश की विभिन्न जिला बार एसोसिएशनों के चुनाव में शुक्रवार को कई दिलचस्प और चौंकाने वाले नतीजे सामने आए। कहीं जीत-हार का फैसला महज कुछ वोटों से हुआ तो कहीं प्रत्याशियों को बराबर मत मिलने के बाद अनोखे तरीके से प्रधानी का फैसला करना पड़ा। वहीं रोहतक में मतगणना को लेकर विवाद के कारण चुनावी माहौल गरमा गया।

डबवाली में बराबर वोट, टॉस से निकला रास्ता
डबवाली बार एसोसिएशन के प्रधान पद का मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। दो प्रत्याशियों को बराबर मत मिलने के कारण मुकाबला टाई हो गया। इसके बाद टॉस के जरिए फैसला किया गया और दोनों प्रत्याशियों के बीच छह-छह महीने की प्रधानी बांटने पर सहमति बनी। इस अनोखे फैसले की चुनाव के बाद खूब चर्चा रही।

रोहतक में मतगणना को लेकर हंगामा
रोहतक में बार चुनाव के दौरान मतगणना को लेकर विवाद खड़ा हो गया। ईवीएम से मतगणना को लेकर हुए विवाद के चलते चुनाव परिणाम अटक गया। यहां चुनावी प्रक्रिया और नतीजों को लेकर अधिवक्ताओं के बीच गहमागहमी देखने को मिली।

पलवल में सिर्फ 5 वोट से जीते दीपक चौहान
पलवल में प्रधान पद के लिए कांटे का मुकाबला देखने को मिला। यहां दीपक चौहान ने महज पांच वोट के अंतर से जीत दर्ज की। इतने कम अंतर से आए नतीजे ने चुनाव को बेहद रोमांचक बना दिया।

कैथल में पूर्व मंत्री के बेटे मानव मदान को हार
कैथल बार एसोसिएशन चुनाव में भी बड़ा उलटफेर देखने को मिला। पूर्व मंत्री और कैथल से दो बार विधायक रह चुके सुरेंद्र मदान के बेटे मानव मदान प्रधान पद के चुनावी मैदान में थे। उन्हें प्रदीप कुमार धारीवाल ने 101 मतों के अंतर से पराजित किया।

वहीं यमुनानगर में मुकाबला एकतरफा रहा और जीत का अंतर 558 मतों तक पहुंच गया। इस तरह प्रदेश के अलग-अलग जिलों में हुए बार एसोसिएशन चुनाव कहीं बेहद करीबी तो कहीं बड़े अंतर वाले नतीजों के कारण चर्चा में रहे।

Exit mobile version