Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा पर्यटन निगम के चेयरमैन बने सुरेंद्र पूनिया, मंत्री अरविंद शर्मा ने दिलाई पद की जिम्मेदारी; रणबीर गंगवा भी रहे मौजूद

चंडीगढ़। भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पूनिया ने मंगलवार, 17 नवंबर को हरियाणा पर्यटन निगम के चेयरमैन का पदभार संभाल लिया। चंडीगढ़ के सेक्टर-17 स्थित पर्यटन निगम कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पर्यटन मंत्री अरविंद शर्मा ने उन्हें पदभार ग्रहण करवाया। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा भी मौजूद रहे।

सुरेंद्र पूनिया की नियुक्ति के आदेश 3 नवंबर 2026 को हेरिटेज एंड टूरिज्म डिपार्टमेंट के आयुक्त एवं सचिव अमित कुमार अग्रवाल की ओर से जारी किए गए थे।

मुख्यमंत्री का जताया आभार

पदभार संभालने के बाद सुरेंद्र पूनिया ने कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसे पूरी निष्ठा और मेहनत के साथ निभाएंगे। उन्होंने इस नियुक्ति के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया।

पर्यटन मंत्री अरविंद शर्मा ने कहा कि सुरेंद्र पूनिया संगठन में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। उन्हें विश्वास है कि वे पर्यटन निगम के चेयरमैन के रूप में भी अपनी जिम्मेदारी बखूबी निभाएंगे।

वहीं, सार्वजनिक उपक्रम ब्यूरो के चेयरमैन मोहन लाल बड़ौली ने भी उन्हें नई जिम्मेदारी मिलने पर शुभकामनाएं दीं।

हिसार के खराक पूनिया गांव से हैं सुरेंद्र पूनिया

सुरेंद्र पूनिया हिसार जिले के खराक पूनिया गांव के रहने वाले हैं। वे पिछले करीब 22 साल से भाजपा में सक्रिय हैं। पार्टी संगठन में प्रदेश महामंत्री की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। इसके अलावा वे बरवाला विधानसभा क्षेत्र से चुनाव भी लड़ चुके हैं।

प्रदेश महामंत्री पद से हटने के दो महीने बाद मिली नई जिम्मेदारी

सुरेंद्र पूनिया को प्रदेश महामंत्री के पद से हटाए जाने के करीब दो महीने बाद हरियाणा पर्यटन निगम के चेयरमैन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। लंबे समय से संगठन में सक्रिय रहने के चलते उनकी इस नियुक्ति को भाजपा में एक अहम जिम्मेदारी के रूप में देखा जा रहा है।

Exit mobile version