Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

किसान नेता डल्लेवाल के अनशन को ले सुप्रीम कोर्ट चिंतित: पंजाब सरकार को कहा– किसी की जिंदगी दांव पर, बीते 32 दिन से आमरण अनशन पर; पानी भी छोड़ा

सुप्रीम कोर्ट ने 32 दिन से आमरण अनशन पर बैठे किसान नेता जगजीत डल्लेवाल की सेहत को लेकर पंजाब सरकार को नोटिस जारी किया है। कोर्ट ने शुक्रवार को सुनवाई के दौरान डल्लेवाल की सेहत और सुरक्षा को लेकर चिंता जताई।

कोर्ट ने पंजाब सरकार को कहा कि वह ये सुनिश्चित करे कि डल्लेवाल को हर तरह की मेडिकल मदद दी जा रही है। यह आदेश पंजाब के चीफ सेक्रेटरी के खिलाफ कंटेप्ट पिटीशन पर सुनवाई के दौरान दिए गए।जस्टिस सूर्यकांत और जस्टिस सुधांशु धूलिया की वैकेशन बैंच ने पंजाब सरकार को कहा कि अगर वहां कोई लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति है तो उससे सख्ती से निपटना चाहिए। किसी की जिंदगी दांव पर है, आपको इसे सीरियसली लेना होगा।

डल्लेवाल को मेडिकल मदद दी जानी चाहिए लेकिन ऐसा लग रहा है कि पंजाब सरकार ऐसा नहीं कर रही है। कोर्ट ने पंजाब सरकार को शनिवार को कंप्लायंस रिपोर्ट दाखिल करने के लिए कहा। इस पर कल ही फिर से सुनवाई होगी।

70 साल के किसान नेता जगजीत डल्लेवाल 32 दिन से आमरण अनशन पर हैं। उन्होंने पहले अन्न खाना छोड़ दिया था, अब वे पानी भी नहीं पी रहे। पानी पीने से उन्हें उल्टियां हो रही हैं। उनके साथी किसान नेता अभिमन्यु कोहाड़ ने बताया कि उनका ब्लड प्रेशर 88/59 हो चुका है।60 साल से ज्यादा उम्र के पुरुष का सामान्य ब्लड प्रेशर 133/69 सही माना जाता है। डल्लेवाल की इम्यूनिटी भी काफी कमजोर हो चुकी है। मगर, वह डॉक्टरी इलाज लेने से इनकार कर चुके हैं।

Exit mobile version